लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला के नेतृत्व में भारतीय संसदीय शिष्टमंडल ने अंतर संसदीय संघ की संचालन परिषद् के 206 वें सत्र में ऑनलाइन हिस्सा लिया। सत्र में कुल एक सौ चवालीस सांसद भाग ले रहे हैं। सत्र का मुख्य एजेंडा 2020-23 की अवधि के लिए अंतर संसदीय संघ के नए अध्यक्ष का चुनाव है।
दुनियाभर में फैले भारतीय शोधकर्ताओं और विद्वानों का महात्मा गांधी की जयंती पर शुरू हुआ वैश्विक भारतीय वैज्ञानिक-वैभव सम्मेलन समाप्त हो गया। विदेशों में बसे तकरीबन दो हजार छह सौ भारतीयों ने इस सम्मेलन में ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। एक महीने तक चले इस सम्मेलन में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए तीन हजार दो सौ विशेषज्ञों और बाईस हजार पांच सौ विद्वानों और वैज्ञानिकों ने भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सम्मेलन का गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्तूबर को उद्घाटन किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने राज्य की चार वर्षीय बालिका एस्थर हेमटे के राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के आधुनिक संस्करण मां तुझे सलाम के गायन पर भूरि-भूरि प्रशंसा की है। इंटरनेट पर छाई इस बालिका ने प्रख्यात संगीतकार ए आर रहमान के साथ आधुनिक शैली में मां तुझे सलाम-वन्दे मातरम् गाया है। चार वर्षीय एस्थर के इस गायन को हजारों लोग देख चुके हैं। यूट्यूब चैनल पर 25 अक्तूबर को डाला यह गायन 74 हजार लोगों ने देखा है।
आयुष क्षेत्र के नियोजित और चरणबद्ध विकास के लिए आयुष मंत्रालय और मेसर्स इन्वेस्ट इंडिया मिलकर स्ट्रेटेजिक पॉलिसी एंड फेसिलिटेशन ब्यूरो का गठन करेंगे। यह आयुष क्षेत्र के विकास के लिए मंत्रालय की ओर से की गई विभिन्न पहलों में से यह एक है। स्ट्रेटेजिक पॉलिसी एंड फेसिलिटेशन ब्यूरो आयुष मंत्रालय को भविष्य की नीतियां तय करने में मदद करेगा। मेसर्स इन्वेस्ट इंडिया आयुष मंत्रालय की योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए उच्च प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराएगा।
ईंधन सेल श्रेणी के सस्ते हाइड्रोजन के उत्पादन के लिए बेंगलुरू स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान और भारतीय तेल निगम ने एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। दोनों संस्थान बायोमास गैस आधारित हाइड्रोजन उत्पादन तकनीक का फरीदाबाद स्थित इंडियन ऑयल के अनुसंधान और विकास केन्द्र में प्रदर्शन करेंगे। यह तकनीक इंडियन ऑयल द्वारा प्रस्तावित ईंधन सेल चालित बसों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे हाइड्रोजन के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। निगम ने हाल ही में हाइड्रोजन-सीएनजी ईंधन से चलने वाली 50 बसें दिल्ली में प्रयोग के बाद उतारी हैं। अब निगम बायोमास गैस पर आधारित हाइड्रोजन उत्पादन तकनीक के लिए भारतीय विज्ञान संस्थान के साथ मिलकर काम कर रहा है। इससे अधिक स्वच्छ ईंधन तो उपलब्ध होगा ही, बायोमास अपशिष्ट की समस्या का समाधान भी हो सकेगा।
फिलीपीन्स में तूफान गोनी कैटानडुआनेस तट से टकराया जिससे कम से कम चार लोगों के मारे जाने की खबर है। 225 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाले इस जबरदस्त तूफान के साथ-साथ भारी वर्षा भी हुई जिससे कई मकानों को नुकसान पहुंचा है और सडकों पर अचानक बाढ का पानी भर गया।
केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने जम्मू में प्रसिद्ध मानसर पुनरुद्धार विकास योजना ( मानसर झील और मानसर क्षेत्र) का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। 198 करोड 37 लाख रुपये की यह परियोजना राज्य में बडी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से बनाई गई है। इससे राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास में मदद मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास संभव होगा जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के और अवसर बनेंगे। मानसर, जम्मू-कश्मीर का एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है।
महाराष्ट्र सरकार ने 'मिशन बिगिन अगेन' के तहत, राज्य ने सांगली जिले में वन्य-जीव अभयारण्य फिर से खोलने की अनुमति दी है। इसके साथ ही, चंदौली और सागरेश्वर जिले के अभयारण्य आठ महीने बाद पर्यटकों के लिए खोल दिए गये हैं।
कर्नाटक ने 1 नवंबर को कन्नड़ राज्योत्सव मनाया। इसी दिन 1956 में दक्षिण भारत के सभी कन्नड़ भाषी क्षेत्रों को मिलाकर कर्नाटक राज्य बनाया गया था। मैसूर राज्य जिसमें मैसूर रियासत शामिल थी उसे बंबई और मद्रास प्रेसीडेंसी के कन्नड़ भाषी क्षेत्रों के अलावा हैदराबाद निज़ाम रियासतों के हिस्सों को एक साथ मिला दिया गया था। नवगठित राज्य को आरंभ में मैसूर नाम दिया गया था, लेकिन 1973 में इसका नाम बदलकर कर्नाटक कर दिया गया जब देवराज उर्स राज्य के मुख्यमंत्री थे।
निवर्तमान अध्यक्ष आदिल सुमारीवाला को भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआइ) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में सर्वसम्मति से तीसरे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष चुना गया जबकि लंबी कूद की पूर्व स्टार खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया। एएफआइ के इतिहास में या किसी महिला का सबसे शीर्ष पद है। रवींद्र चौधरी को सर्वसम्मति से सचिव चुना गया। सुमारीवाला का चार साल का कार्यकाल उनका अंतिम कार्यकाल होगा क्योंकि राष्ट्रीय खेल संहिता के अनुसार कोई व्यक्ति लगातार तीन कार्यकाल तक ही महासंघ का प्रमुख रह सकता है।
बंगाल में देश का पहला ‘टायर पार्क’ बनेगा, जहां बेकार हो चुके टायरों और उसके खराब हिस्सों से बनीं कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। पश्चिम बंगाल परिवहन निगम (डब्ल्यूटीसी) के प्रबंध निदेशक राजनवीर कपूर ने कहा कि किसी भी खराब सामान को कचरा नहीं कहा जा सकता है। इसका दोबारा इस्तेमाल हो सकता है और इसे कला का रूप दिया जा सकता है। इसी सोच के तहत डब्ल्यूटीसी जल्द टायर पार्क बनाएगा। कई बस डिपो में इस्तेमाल नहीं होने वाले टायरों पर काम किया गया है।
केवल कृष्ण शर्मा को जम्मू-कश्मीर का पहला राज्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शर्मा को शपथ दिलाई। इससे पहले शर्मा उपराज्यपाल के सलाहकार थे। उन्होंने इस पद से त्यागपत्र दे दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हृदेश कुमार अपने पद पर बने रहेंगे। वह भारतीय चुनाव आयोग के प्रतिनिधि हैं। 1983 बैच के आइएएस अफसर केके शर्मा दिल्ली और गोवा के मुख्य सचिव भी रह चुके हैं। सेवानिवृत्त होने से पहले वह मानव संसाधन विकास मंत्रलय में सचिव थे। वह चंडीगढ़ प्रशासक के सलाहकार भी रह चुके हैं।
अमेरिकी कोर्ट ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की व्यावसायिक शाखा एंटिक्स कॉर्पोरेशन को बेंगलुरु के स्टार्टअप देवास मल्टीमीडिया को 1.2 अरब डॉलर (करीब नौ हजार करोड़ रुपये) का मुआवजा देने का आदेश दिया है।समझौते के मुताबिक जनवरी 2005 में एंटिक्स ने देवास के साथ दो सेटेलाइट बनाने, लांच करने और उनके संचालन का समझौता किया था। समझौते में 70 मेगा हट्र्ज के दो स्पेक्ट्रम भी देवास को उपलब्ध कराने की बात थी। देवास बाद में इनका इस्तेमाल हाइब्रिड सेटेलाइट में करता। इससे पूरे भारत की संचार सेवाओं को लाभ पहुंचाकर कमाई की जानी थी। लेकिन एंटिक्स ने देवास के साथ हुए इस समझौते को फरवरी 2011 में रद कर दिया। इसके बाद के कई साल तक देवास ने भारत में कई कानूनी मंचों पर अपनी बात रखी। अंतत: सुप्रीम कोर्ट ने यह मामला टिब्यूनल को विचार के लिए दे दिया।लेकिन वाशिंगटन की पश्चिमी जिले की अदालत ने 26 अक्टूबर को दिए अपने आदेश में एंटिक्स कॉर्पोरेशन को देवास मल्टीमीडिया कॉर्पोरेशन को 56.25 करोड़ डॉलर का मुआवजा देने का आदेश दिया। ब्याज सहित यह धनराशि कुल 1.2 अरब डॉलर की होगी। इस मामले में तीन स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय टिब्यूनलों और नौ अलग-अलग जजों ने पाया कि देवास और एंटिक्स के बीच हुआ समझौता रद करने का कदम गलत था।
केन्द्र सरकार ने आलू की बढ़ती कीमत पर नियंत्रण के लिए दस लाख टन आलू का आयात करने का फैसला किया है। सरकार बिना लाइसेंस के ही भूटान से तीस हजार टन आलू का आयात करेगी। केन्द्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार आलू के बढ़ते मूल्य पर अंकुश के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि आलू पर आयात शुल्क तीस प्रतिशत से घटाकर दस प्रतिशत कर दिया गया है। अब, अगले वर्ष 31 जनवरी तक दस प्रतिशत आयात शुल्क के साथ दस लाख मीट्रिक टन आलू का आयात किया जाएगा। केन्द्र सरकार ने दीपावली से पहले 25 हजार टन प्याज आयात करने की भी योजना बनाई है। यह नेफेड द्वारा निजी आयातकों से लिये गए सात हजार टन प्याज के अलावा होगा।
न्यूजीलैंड में इच्छामृत्यु को यूथेनेसिया के नाम से जाना जाता है। न्यूजीलैंड के लोगों ने यूथेनेसिया यानी इच्छामृत्यु को वैध बनाने के लिए भारी समर्थन दिया है। इस मुद्दे पर 17 अक्टूबर को हुए मतदान के शुरुआती नतीजे बता रहे हैं कि 65 फीसदी से ज्यादा लोग इच्छामृत्यु का अधिकार चाहते हैं। इच्छामृत्यु पर जनमतसंग्रह देश के आमचुनाव के साथ ही करा लिया गया।
प्राइवेट सेक्टर का इंडसइंड बैंक RBI के अकाउंट एग्रीगेटर फ्रेमवर्क पर लाइव होने वाला देश का पहला बैंक बन गया है। बैंक के एए फ्रेमवर्क पर लाइव होने से ग्राहकों को सिंगल विंडो पर कई खास सुविधाएं मिल जाएंगी। इसमें बैंक ग्राहकों को स्टेटमेंट, इन्वेसटमेंट, म्यूचुअल फंड और क्रेडिट कार्ड तक की सुविधा देंगे। बैंक के इस कदम से ग्राहकों को अपने पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने में काफी आसानी हो जाएगी।
देश के गैर जीवन बीमा क्षेत्र की सबसे बड़ी निजी कंपनी आईसीआईसीआई लोम्बार्ड (ICICI Lombard) ने ऑनलाइन प्रीपेड कार्ड ट्रांजैक्शन में भारत की अग्रणी कंपनियों में से एक फ्रीपेकार्ड (Freepaycard) के साथ ग्रुप सेफगार्ड स्वास्थ्य बीमा योजना (Group Safeguard Insurance Health Insurance Scheme) पेश किया है। फ्रीपेकार्ड रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के सदस्यों के लिए यह बीमा योजना है। इस बीमा योजना के अनुसार यदि फ्रीपे कार्डधारक दुर्घटनाग्रस्त हो गया या उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा तो उसे बीमा भरपाई मिलेगी।
ग्लोबल फाइनेंस ने विश्व की सबसे सुरक्षित बैंकों की अपनी 29 वीं वार्षिक रैंकिंग जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, सिंगापुर के डीबीएस बैंक को एशिया में सबसे सुरक्षित बैंक माना गया है। यह डीबीएस के लिए लगातार 12 वीं बार है। दूसरी ओर, जर्मनी के केएफडब्ल्यू को 2020 के विश्व सबसे सुरक्षित बैंकों के रूप में मान्यता दी गई है। भारत में, ग्लोबल फाइनेंस ने भारतीय स्टेट बैंक को देश का सबसे सुरक्षित बैंक बताया।
रैंक | शीर्ष 3 विश्व के सबसे सुरक्षित बैंक 2020 | एशिया 2020 में शीर्ष 3 सबसे सुरक्षित बैंक |
1 | KfW (जर्मनी) | DBS समूह (सिंगापुर) |
2 | ज़ुर्चर कांटोनलबैंक (स्विट्जरलैंड) | प्रवासी चीनी बैंकिंग निगम (सिंगापुर) |
3 | BNG बैंक (नीदरलैंड्स) | यूनाइटेड ओवरसीज बैंक (सिंगापुर) |
14 | DBS बैंक (सिंगापुर) |
1 नवंबर को देश के 6 राज्यों का स्थापना दिवस मनाया गया। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ, कर्नाटक, आन्ध्रप्रदेश, तमिलनाडु, केरल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और पुदुच्चेरी के लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख ने 31 अक्टूबर को अपना पहला स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद-लेह की छठी आम परिषद को भी शपथ दिलाई गई।
तमिलनाडु के कृषि मंत्री आर. दुरैईकन्नु का निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। उनमें कोविड 19 के संक्रमण की पुष्टि हुई और जीवन रक्षक उपकरणों पर रखा गया। दुरैई कन्नु कोविड 19 का शिकार होने वाले तमिलनाडु के तीसरे नेता हैं। इससे पहले कन्याकुमारी से लोकसभा सदस्य एच. वसन्त कुमार और राज्य विधानसभा के सदस्य अम्बलागन की कोविड 19 से मृत्यु हुई।
स्कॉटलैंड के दिग्गज फिल्म अभिनेता सीन कॉनेरी का निधन हो गया। 90 वर्षीय सीन पिछले कुछ समय से बीमार थे। जेम्स बॉन्ड के किरदार वाली फिल्मों के वह पहले अभिनेता थे। लगभग पांच दशक चले फिल्मी करिअर में सीन ने एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं। इनमें द हंट फॉर रेड अक्टूबर, इंडियाना जॉन्स एंड द लास्ट क्रूसेड, मर्डर ऑन द ओरिएंट एक्सप्रेस और द रॉक प्रमुख फिल्में हैं।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) रुड़की ने पर्यावरण डिटर्जेट प्रदूषक (एसडीएस) का पता लगाने के लिए विशिष्ट बैक्टीरिया बायो सेंसर विकसित किया है। संस्थान का दावा है कि यह इस दिशा में दुनिया की पहली खोज है।आइआइटी रुड़की की पांच सदस्यीय टीम ने सामान्य डिटर्जेट पर्यावरण प्रदूषक (सोडियम डोडेसिल सल्फेट और सोडियम लॉरिल सल्फेट) की उपस्थिति का पता लगाने के लिए बायोसेंसर विकसित किया है। इनका उपयोग प्रमुख रूप से साबुन, टूथपेस्ट, क्रीम, शैंपू, डिटर्जेट, कृषि कार्यों और उद्योगों में किया जाता है। इसका विभिन्न जलाशयों और जलस्नोत के जीवों पर हानिकारक प्रभाव पड़ता है। साथ ही पीने के पानी की गुणवत्ता भी खराब होती है।
इस बार दिल्ली में सर्दी ने जल्द दस्तक तो दी ही, अक्टूबर में ही 58 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 1962 के बाद इस साल अक्टूबर में सबसे कम औसत न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से दिल्ली में भी ठंड बढ़ने लगी है।
© 2021 RajasthanGyan All Rights Reserved.