रीजनल इकोनॉमिक कांप्रिहेंसिव पार्टनरशिप (आरसेप) के तहत 15 देशों ने दुनिया के सबसे बड़े व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किया है। रविवार को वचरुअल प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस पर हस्ताक्षर किया गया। महामारी की चुनौतियों के बीच एशियाई देशों के लिए इस समझौते को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत ने खुद को इस समझौते से अलग रखने का फैसला किया है और भारत की अहमियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आरसेप देशों ने उसका इंतजार करते रहने की बात कही है। आरसेप देशों में चीन भी शामिल हैं और अब वह भारत के लिए विश्वसनीय नहीं रहा। अभी सरकार भारत को मैन्यूफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में प्रयासरत है। ऐसे में भारत आरसेप में शामिल होकर चीन की वस्तुओं के लिए अपने दरवाजे को और नहीं खोल सकता है। आरसेप से जुड़े जापान, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया भारत के लिए काफी अहम हैं क्योंकि कोरोना संक्रमण काल में बने वैश्विक समीकरण में भारत इन देशों के साथ मजबूत सप्लाई चेन स्थापित करना चाहता है, जो चीन का विकल्प बन सके। आरसेप के सदस्य देश
जापान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड और चीन के अलावा एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशंस (आसियान) के 10 देश इसका इसका हिस्सा हैं। आसियान देशों में कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, म्यांमार, फिलीपींस, थाइलैंड, ब्रुनेई, सिंगापुर, मलेशिया और वियतनाम शामिल हैं। दुनिया की लगभग तिहाई आबादी इन 15 देशों में रहती है और करीब 30 फीसद वैश्विक कारोबार इनके बीच होता है।
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने अर्थव्यवस्था को बढावा देने के लिए 12 मुख्य उपायों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यव्यस्था मजबूत हो रही है क्योंकि अर्थव्यवस्था के सभी प्रमुख मानदंड सकारात्मक हैं। वित्तमंत्री ने कहा कि भारत कोविड-19 महामारी से प्रभावी तरीके से निपटा है और मृत्यु दर में लगातार गिरावट आ रही है। उन्होंने कहा आत्मनिर्भर भारत 3.0 के तहत घोषित इन प्रोत्साहन उपायों से देश में रोजगार, कृषि, बुनियादी ढांचे, विनिर्माण, आवास और अनुसंधान और कोविड-19 वैक्सीन के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
पुरातत्वविदों को इज़रायल के कब्ज़े वाले गोलन हाइट्स से राजा डेविड के काल का लगभग 3000 साल पुराना किला मिला। इज़रायल पुरावशेष प्राधिकरण के लिए इस खुदाई का निर्देशन करने वाले बाराक ज़िन ने कहा कि इस इलाके का गेशर साम्राज्य की राजधानी से ताल्लुक था। दरअसल, गेशर साम्राज्य राजा डेविड के सहयोगियों में से एक था।
स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी ने हाल ही में एक सूची जारी की है जो विभिन्न विषयों में सर्वाधिक उद्धृत वैज्ञानिकों के शीर्ष 2 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करती है। लिस्ट में 1,59,683 व्यक्ति हैं, जिनमें लगभग 1,500(1492) भारतीय हैं, जिनमें वैज्ञानिक, डॉक्टर और इंजीनियर शामिल हैं. इस सभी का चयन उनके शोध पत्रों के आधार पर किया गया है।
तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय (तानु) के प्रोफेसर डॉ. के एस सुब्रमण्यम को फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया गोल्डन जुबली अवार्ड के लिए चुना गया है। अनुसंधान निदेशक और नाबार्ड अध्यक्ष सुब्रमण्यम को पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए नैनो उर्वरक तथा उन्नत उपयोग में उसकी भूमिका के प्रति उनके योगदान को लेकर इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। इस पुरस्कार के तहत एक प्रशस्ति पत्र, एक लाख रूपये नकद और स्वर्णपदक दिया जाता है। अगले महीने नयी दिल्ली में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
नासा ने एलन मस्क की रॉकेट कंपनी स्पेसएक्स के साथ मिलकर टेस्ला द्वारा तैयार किए गए फाल्कन 9 अंतरिक्ष यान के जरिए चार यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर भेजा है। यह नासा का पहला ऐसा मिशन है, जिसमें अंतरिक्ष यात्रियों को आईएसएस पर भेजने के लिए निजी अंतरिक्ष यान की मदद ली गई है। इस मिशन से ठीक पहले, नासा ने स्पेसएक्स के क्रू ड्रैगन कैप्सूल और फाल्कन 9 रॉकेट को प्रमाणित करके अपना पहला अंतरिक्ष यान प्रमाणन भी प्रदान किया है। इस प्रमाणीकरण के बाद, स्पेसएक्स अब अंतरिक्ष स्टेशन के लिए नियमित उड़ानें संचालित करने में सक्षम होगा। इस अंतरिक्ष यान के जरिए 'क्रू ड्रैगन रेसिलियंस टीम' में शामिल अंतरिक्ष यात्रियों को आईएसएस पर भेजा गया है। इस टीम में अमेरिकी वायुसेना के कर्नल और अंतरिक्ष यात्री माइक होपकिन्स, भौतिक विज्ञानी शैनन वॉकर, जापानी अंतरिक्ष यात्री सोइची नोगुची के साथ-साथ नौसेना कमांडर और अंतरिक्ष यात्री विक्टर ग्लोवर (जो अंतरिक्ष स्टेशन पर पूरे छह महीने बिताने वाले पहले अश्वेत अंतरिक्ष यात्री हैं) को फाल्कन 9 अंतरिक्ष यान के माध्यम से आईएसएस पर भेजा गया।
देश के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी नियंत्रित रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआइएल) ने फर्नीचर कंपनी अर्बन लैडर का अधिग्रहण कर लिया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि उसकी रिटेल शाखा रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) ने अर्बन लैडर होम डेकोर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की 96 प्रतिशत हिस्सेदारी 182.12 करोड़ रुपये में खरीदी है।
भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) के अध्यक्ष नरेंद्र बत्र को खेलों में उनके योगदान के लिए कैपिटल फाउंडेशन राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें कैपिटल फाउंडेशन वार्षिक व्याख्यान एवं पुरस्कार 2020 में इससे सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार प्रसिद्ध न्यायविद, न्यायाधीश कृष्णा अय्यर की 106वीं जयंती के उपलक्ष्य में दिया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाइन तरीके से किया गया था।
केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू - कश्मीर में पहली बार पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थी और वाल्मिकी अब वोट डाल सकेंगे और चुनाव लड़ सकेंगे। 1947 से उन्हें यह अधिकार प्राप्त नहीं था। अनुच्छेद 370 हटाए जाने और नए अधिवास कानूनों से पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थियों और वाल्मिकी लोगों को केन्द्रशासित प्रदेश में मतदान और चुनाव लड़ने का अधिकार मिला है। पश्चिमी पाकिस्तान से आए शरणार्थी मुख्यत: जम्मू के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहते हैं और उन्हें स्थायी नागरिक नहीं माना जाता था। 1947 में लगभग 5,764 हिन्दू और सिख परिवार भारत में आए और जम्मू के विभिन्न भागों में बस गए। इन लोगों को ही पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थी माना जाता है। वर्तमान में ऐसे लोगों के 20 हजार परिवारों की जनसंख्या चार लाख से अधिक है।
मध्य प्रदेश में बिजली के बिलों को रेडियो फ्रिक्वेंसी के माध्यम से भेजने की व्यवस्था की जा रही है। इस व्यवस्था के अंतर्गत इंदौर के बाद रतलाम शहर में भी 18 नवंबर से स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू किया जा रहा है।
टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच ने Pete Sampras (पीट सेम्प्रास) के छह साल के अंत में नंबर एक ट्रॉफी जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। सर्बियाई के खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को वर्ष के अंत में नंबर एक के रूप में खत्म करने के लिए एटीपी टूर नंबर वन ट्रॉफी दी गई थी। इसके साथ, जोकोविच छह बार ऐसा करने वाले टेनिस इतिहास के केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले, जोकोविच ने 2011, 2012, 2014, 2015 और 2018 में विश्व के नंबर एक के रूप में वर्ष समाप्त किया। पिछले खिलाड़ियों के बीच, केवल पीट सेम्प्रास रैंकिंग के शीर्ष पर छह साल पूरे करने में कामयाब रहे, जो उन्होंने 1993 और 1998 के बीच किया था।
केन्दीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति ने छह राज्यों को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन कोष के तहत चार हजार तीन सौ 81 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी है। यह राज्य इस वर्ष चक्रवात, बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हुए थे। चक्रवात अम्फन के लिए, पश्चिम बंगाल के लिए दो हजार सात सौ सात करोड़ रुपये और ओडिशा के लिए 128 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है। महाराष्ट्र के लिए चक्रवात निसर्ग के लिए 268 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दौरान बाढ़ और भूस्खलन के लिए, कर्नाटक को 577 करोड़ रुपये, मध्य प्रदेश को 611 करोड़ रुपये और सिक्किम को 87 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है।
विशाखापत्तनम में, वाइस एडमिरल अतुल कुमार जैन, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएस, फ्लैग आॅफिसर कमांडिंग इन चीफ, पूर्वी नौसेना कमान ने ‘प्रेरणा स्थल’ को नौसेना डाॅकयार्ड, विशाखापत्तनम के कार्यबल को समर्पित किया, जिसमें एक समारोह में नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग के कप्तान विशाखापत्तनम के गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
ब्रिटेन के दिग्गज ड्राइवर लुइस हैमिल्टन ने अपने रिकॉर्ड में सुधार करते हुए तुर्की ग्रांप्रि में जीत के साथ 94वीं फॉमरूला-1 (एफ-1) जीत हासिल की। उन्होंने सबसे ज्यादा बार विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीतने के मामले में महान एफ-1 ड्राइवर माइकल शूमाकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, जिन्होंने सात विश्व चैंपियनशिप खिताब जीते थे। हैमिल्टन ने 2013 में मर्सिडीज टीम में जर्मनी के शूमाकर की जगह ली थी।
बांग्ला फिल्मों के दिग्गज अभिनेता सौमित्र चटर्जी (85) का कोलकाता के बेल व्यू क्लिनिक में निधन हो गया। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आदि ने गहरा शोक जताया है। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी सौमित्र के परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। गौरतलब है कि पद्मभूषण, दादा साहब फाल्के अवार्ड समेत कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके सौमित्र को गत छह अक्टूबर को कोरोना संक्रमित होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सौमित्र ने छह दशक लंबे फिल्मी करियर में 300 से अधिक बांग्ला फिल्मों में काम किया। इनमें आस्कर जयी फिल्मकार सत्यजित राय की 14 फिल्में भी शामिल हैं। सत्यजित राय के सशक्त निर्देशन और सौमित्र चटर्जी की दमदार अदाकारी के बूते बांग्ला सिनेमा विश्व पटल पर पहुंच गया था।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बिरसा मुंडा के जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री नायडू ने एक ट्वीट में कहा है कि धरतीआबा के नाम से प्रसिद्ध बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के दमन के खिलाफ जनजातियों को एकजुट किया। प्रधानमंत्री ने झारखंड के निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई भी दी है।
© 2021 RajasthanGyan All Rights Reserved.