Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Tricks
Facts

26 August 2022

पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर न्यू इंडिया नामक पुस्तक का विमोचन किया

पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने नई दिल्ली में पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म विभूषण अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर न्यू इंडिया नामक पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्‍तक अरुण जेटली के चुनिंदा लेखों का संकलन है। इस अवसर पर श्री नायडू ने कहा कि श्री जेटली ने एक नए, मजबूत, स्थिर, समृद्ध और शांतिपूर्ण भारत का सपना देखा था। उन्होंने कहा कि श्री जेटली ने एक प्रगतिशील राष्ट्र का भी सपना देखा था, जहां गरीबी, शहरी-ग्रामीण विभाजन और महिला-पुरुष असमानता तथा सामाजिक भेदभाव न हो।

विक्रम दोराईस्वामी इंग्लैंड में भारत का नए उच्चायुक्त नियुक्त

अनुभवी राजनयिक विक्रम दोराईस्वामी को यूनाइटेड किंगडम में भारत का नया उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक संबंधों को देखते हुए इसे एक महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जाता है। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि जल्द ही विक्रम दोराईस्वामी ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त के तौर पर कार्यभार संभालेंगे। विक्रम के दोराईस्वामी 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी हैं और वर्तमान में बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त के रूप में कार्यरत हैं।

राजेश वर्मा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सचिव के रूप में नामित किया गया

आईएएस राजेश वर्मा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सचिव नियुक्त किया गया। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, कॉरपोरेट मामलों के सचिव राजेश वर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्मा ओडिशा कैडर के 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने कपिल देव त्रिपाठी के स्थान पर भारत के राष्ट्रपति के सचिव के रूप में वर्मा की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। असम-मेघालय कैडर के 1980 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी त्रिपाठी को अप्रैल 2020 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था।

महाराष्‍ट्र में कोरोना महामारी के दौरान उत्‍तीर्ण हुए विद्यार्थियों के लिए एक विशेष योजना शुरू

महाराष्‍ट्र के उच्‍च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कोरोना महामारी के दौरान उत्‍तीर्ण हुए विद्यार्थियों के लिए एक विशेष योजना की शुरूआत की। विधानसभा में उन्‍होंने कहा कि महामारी के समय हजारों विद्यार्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा उत्‍तीर्ण की। उस दौरान शिक्षा में काफी नुकसान भी हुआ इसलिए योजना के तहत मार्कशीट पर कोरोना पास स्‍टैम्‍प लगाई जाएगी।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच सितम्‍बर को अध्‍यापकों को राष्‍ट्रीय शिक्षक पुरस्‍कार 2022 से सम्‍मानित करेंगी

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच सितम्‍बर को नई दिल्‍ली में चयनित 46 अध्‍यापकों को राष्‍ट्रीय शिक्षक पुरस्‍कार 2022 से सम्‍मानित करेंगी। शिक्षा मंत्रालय का स्‍कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग प्रतिवर्ष सर्वश्रेष्‍ठ शिक्षकों को राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार से सम्‍मानित करने के लिए शिक्षक दिवस पर एक राष्‍ट्रीय समारोह का आयोजन करता है। पुरस्‍कार के लिए शिक्षकों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ तीन चरणों किया जाता है। पुरस्कार विजेताओं की सूची देखने के लिए क्लिक करें:

भारतीय वैज्ञानिक समीर वी कामत को DRDO का अध्यक्ष नियुक्त किया गया

प्रतिष्ठित वैज्ञानिक समीर वी. कामत को रक्षा अनुसंधान और विकास विभाग का सचिव तथा रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी एक आदेश में यह जानकारी दी गई। कामत, वर्तमान में डीआरडीओ के ‘नेवल सिस्टम्स एंड मैटेरियल्स’ प्रभाग के महानिदेशक हैं और वह जी. सतीश रेड्डी का स्थान लेंगे, जिन्हें रक्षा मंत्री का वैज्ञानिक सलाहकार नियुक्त किया गया है। कामत 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने या अगले आदेश तक पद पर रहेंगे। डॉ समीर वी कामत 1 जुलाई 2017 से डीआरडीओ में महानिदेशक (नौसेना प्रणाली और सामग्री) के रूप में सेवा दे रहे हैं। उनका पूरा नाम डॉ समीर वेंकटपति कामत है।

एंजेला मर्केल ने शरणार्थियों के स्वागत के प्रयास के लिए जीता यूनेस्को शांति पुरस्कार

पूर्व जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल को शरणार्थियों का स्वागत करने के उनके प्रयासों के लिए 2022 के यूनेस्को शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। जूरी के अध्यक्ष और 2018 के नोबेल शांति पुरस्कार विजेता डेनिस मुकवेगे ने कहा, जूरी के सभी सदस्य 2015 में सीरिया, इराक, अफगानिस्तान और इरिट्रिया से 1.2 मिलियन से अधिक शरणार्थियों का स्वागत करने के उनके साहसी निर्णय से प्रभावित हुए थे। यह वह विरासत है जिसे उन्होंने छोड़ दिया है।

देश का पहला स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत विक्रांत दो सितंबर से सेवा में आयेगा

देश में निर्मित पहला विमानवाहक पोत विक्रांत 2 सितंबर को बेडे में शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। विक्रांत के उपकरण 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बनाए गए हैं। इनमें अंबाला, दमन, कोलकाता, जालंधर, कोटा, पुणे और नई दिल्ली शामिल हैं। विक्रांत में महिला अधिकारियों और महिला अग्निवीर नाविकों के लिए अलग आवास सहित दो हजार दो सौ डिब्बे हैं। इसके साथ ही भारत अमरीका, ब्रिटेन, रूस, चीन और फ्रांस सहित उन चुनिंदा देशों के क्लब में शामिल हो गया है जो 40 हजार टन से ऊपर के विमान वाहक का निर्माण करते हैं। भारतीय नौसेना, डीआरडीओ और सेल की मदद से भारत में युद्धपोत-ग्रेड स्टील बनाया गया है, जिसका अ‍ब निर्यात भी किया जा सकेगा।

एनएचएआई ने ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम आधारित टोल पर कार्यशाला आयोजित की

एनएचएआई ने भारत में टोल पर आधारित ग्लोबल नेविगेशन सेटलाइट सिस्टम (जीएनएसएस) पर एक दिवसीय हितधारक परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला का आयोजन जीएनएसएस आधारित टोल प्रणाली के विभिन्‍न पहलुओं पर विभिन्‍न औद्योगिक विशेषज्ञों और हितधारकों से जानकारी और सुझाव लेने के उद्देश्‍य से किया गया था। यह कार्यशाला जीएनएसएस तकनीक पर आधारित है जो भारत में फ्री-फ्लो टोल प्रणाली के लिए भविष्य के रोडमैप की रणनीति बनाने और उसे तैयार करने में मदद करेगी। प्रस्तावित जीएनएसएस प्रौद्योगिकी-आधारित टोल प्रणाली में, एनएच वाला क्षेत्र में बाड़ लगी होगी और इसमें वर्चुअल टोल पॉइंट शामिल होंगे। जब भी जीएनएसएस ओबीयू लगा कोई वाहन इस वर्चुअल टोल पॉइंट से गुज़रेगा, तो यात्रा की गई दूरी की जानकारी एनएवीआईसी, जीपीएस आदि जैसे अनेक समूहों से सेटलाइट सिगनल के आधार पर की जाएगी और लागू शुल्क की गणना केन्‍द्रीय जीएनएसएस सॉफ्टवेयर सिस्टम द्वारा की जाएगी और ओबीयू से जुड़े उपयोगकर्ताओं के बैंक खाते से काट ली जाएगी। एनएचएआई की अध्यक्ष श्रीमती अलका उपाध्याय है।

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन ने आगरा के लिए लगभग 583 करोड़ रुपए के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के विकास के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी), उत्तर प्रदेश जल निगम और मैसर्स विश्वराज एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड (वीईपीएल) के बीच हाइब्रिड एनुइटी मोड (एचएएम) आधारित आगरा के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (एसटीपी) के विकास के लिए 25 अगस्त 2022 को एनएमसीजी कार्यालय में एक त्रिपक्षीय रियायत समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। यह ठेका 582.84 करोड़ रुपये की कुल लागत पर दिया गया है। बेसिन-एप्रोच से यमुना नदी में प्रदूषण को कम करने के लिए एनएमसीजी ने 177.6 एमएलडी की कुल क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण के लिए परियोजना को मंजूरी दे दी है। इसमें अन्य कार्य जैसे इंटरसेप्शन एंड डायवर्सन (आई एंड डी) संरचनाओं को विकसित करना, आई एंड डी नेटवर्क बिछाने, 15 वर्षों के लिए संचालन और रखरखाव सहित सीवेज पंपिंग स्टेशन आदि भी शामिल होंगे। इस परियोजना का उद्देश्य आगरा शहर में मौजूदा सीवरेज समस्याओं का ध्यान रखना है जो यमुना नदी को प्रदूषित करते हैं। परियोजना के कार्यान्वयन पर, आगरा शहर से यमुना नदी में अनुपचारित सीवेज नहीं छोड़ा जाएगा जिससे नदी में प्रदूषण में कमी आएगी।

अफ्रीका में गैंडे के शिकार की दर वर्ष 2021 में घटकर 2.3% रह गई

हाल ही में एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अफ्रीका में गैंडे के शिकार की दर वर्ष 2021 में घटकर 2.3% रह गई है, जो कि वर्ष 2018 में 3.9% थी। वर्ष 2018 और 2021 के बीच अफ्रीका में कम से कम 2,707 गैंडों का शिकार किया गया, जिनमें गंभीर रूप से संकटग्रस्त काले गैंडे और संकट के निकट सफेद गैंडे शामिल हैं। इस रिपोर्ट को प्रकृति के संरक्षण के लिये अंतर्राष्ट्रीय संघ (IUCN), प्रजाति जीवन रक्षा आयोग (SSC), अफ्रीकी और एशियाई राइनो विशेषज्ञ समूह (AfRSG) और ट्रैफिक (TRAFFIC) द्वारा संकलित किया गया था। बोत्सवाना, चाड, इस्वातिनी, केन्या, मलावी, मोज़ाम्बिक, नामीबिया, रवांडा, दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया, युगांडा, जाम्बिया और ज़िम्बाब्वे। अफ्रीका में गैंडे के शिकार की दर वर्ष 2015 में कुल आबादी के 5.3% से गिरकर वर्ष 2021 में 2.3% हो गई है। दक्षिण अफ्रीका में मुख्य रूप से सफेद गैंडों को प्रभावित करने वाले सभी मामलों का 90% हिस्सा क्रूगर राष्ट्रीय उद्यान से संबंधित है। दक्षिण अफ्रीका ने वर्ष 2020 में अवैध शिकार के कारण 394 गैंडे मारे गए, जबकि केन्या में उस वर्ष कोई अवैध शिकार दर्ज नहीं किया।

भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान में मगरमच्छों की आबादी एक संतृप्त बिंदु पर पहुँच गई

हाल ही में भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान में मगरमच्छों की आबादी एक संतृप्त बिंदु पर पहुँच गई है जिससे और अधिक मानव-मगरमच्छ संघर्ष की घटनाएँ हो सकती हैं। भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान ओडिसा में 672 वर्ग किलोमीटर के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है। यह भारत का दूसरा सबसे बड़ा मैंग्रोव पारिस्थितिकी तंत्र है। इस राष्ट्रीय उद्यान में खाड़ियों और नहरों का एक नेटवर्क है जो ब्राह्मणी, बैतरनी, धामरा और पातासला नदियों के अपवाह क्षेत्र में है और यह एक अद्वितीय पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करता है। बंगाल की खाड़ी से इसकी निकटता क्षेत्र की मिट्टी को लवणीय तथा वनस्पतियों से समृद्ध बनाती है और अभयारण्य में मुख्य रूप से उष्णकटिबंधीय और उपोष्णकटिबंधीय अंतर ज्वारीय क्षेत्रों में पाई जाने वाली प्रजातियाँ मिलती हैं। यह लुप्तप्राय खारे पानी के मगरमच्छों का प्रजनन स्थल है। गहिरमाथा समुद्र तट जो पूर्व में अभयारण्य की सीमा बनाता है, ओलिव रिडले समुद्री कछुओं की सबसे बड़ी कॉलोनी है। इस उद्यान के भीतर एक अन्य अनूठा स्थल सूरजपुर क्रीक के निकट स्थित बगागहना है जो एक हेरोनरी (जलीय पक्षियों का प्रजनन स्थल) है। यहाँ हज़ारों पक्षी नेस्टिंग के लिये खाड़ी में कॉलोनी बनाते हैं और संसर्ग से पहले हवाई कलाबाजी का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हैं। भितरकनिका किंगफिशर पक्षियों (जो दुर्लभ है) की आठ किस्मों का भी अधिवास है।

जर्मनी में हाइड्रोजन ट्रेन की पहली रेल सेवा शुरू

जर्मन अधिकारियों ने हाइड्रोजन से चलने वाली यात्री ट्रेनों का दुनिया का पहला बेड़ा लॉन्च किया, जो 15 डीजल ट्रेनों की जगह ले रहा है, जो पहले लोअर सैक्सोनी राज्य में गैर-विद्युतीकृत पटरियों पर संचालित होती थीं। सप्लाई चेन की दिक्कतों के बावजूद जर्मनी ने हरित रेल सेवा की ओर बड़ा कदम उठाया है। फ्रांस की कंपनी एल्सटॉम से मिली 14 ट्रेनों के साथ जर्मन राज्य लोअर सैक्सनी में यह सेवा शुरू की गई है। हैंबर्ग के पास कुक्सहाफेन से ब्रेमरहाफेन, ब्रेमरफोएर्डे और बुक्सटेहुडे तक 100 किलोमीटर लंबी रेल लाइन पर सिर्फ हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन का सफर शुरू किया गया है।

सिडबी और टाटा पावर के टीपीआरएमजी ने हरित उद्यमियों का समर्थन करने के लिए सहयोग किया

देश भर में 1,000 हरित ऊर्जा व्यवसाय बनाने के लिए, भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (SIDBI) और TP Renewable Microgrid Ltd (TPRMG), टाटा पावर की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, ने मिलकर हरित ऊर्जा व्यवसाय कार्यक्रम शुरू किया है। यह परियोजना देश भर में स्थायी व्यापार मॉडल को बढ़ावा देगी, जिसके परिणामस्वरूप ग्रामीण उद्यमियों का सशक्तिकरण होगा।

पाम तेल की खेती को बढ़ावा देने हेतु गोदरेज एग्रोवेट का तीन पूर्वोत्तर राज्यों के साथ समझौता

कृषि कारोबार कंपनी गोदरेज एग्रोवेट ने पाम तेल की खेती को बढ़ावा देने के लिए असम, मणिपुर और त्रिपुरा सरकार के साथ समझौता किया है। कंपनी ने पूर्वोत्तर के इन तीन राज्यों में पाम तेल के विकास और संवर्धन के लिए राष्ट्रीय खाद्य तेल ऑयल पाम मिशन के तहत समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं। भारत पाम तेल का शुद्ध आयातक देश है।

अडानी समूह ने NDTV में 55.18% हिस्सेदारी का लक्ष्य रखा

अडाणी ग्रुप ने परोक्ष तरीके से नई दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (एनडीटीवी) में 29.18 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली है। रिपोर्ट के मुताबिक, अडाणी ग्रुप एनडीटीवी की 55.18 फीसदी हिस्सेदारी खरीदना चाहता है। यही वजह है कि 26 फीसदी हिस्सेदारी और खरीदने के लिए उसने 294 करोड़ रुपये में एक ओपन ऑफर जारी किया है, जिसका फेस वेल्यू 4 रुपये है. दूसरी तरफ, एनडीटीवी ने इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विश्वप्रधान कॉमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (VCPL) ने एनडीटीवी की प्रमोटर कंपनी RRPR होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड में 29.18 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने से पहले एनडीटीवी के संस्थापकों प्रणॉय रॉय या राधिका रॉय से कोई चर्चा नहीं की। एनडीटीवी के 26 प्रतिशत या 16,762,530 इक्विटी शेयरों के लिए अगर प्रस्ताव को पूरी तरह से स्वीकार कर लिया जाता है तो अडाणी ग्रुप को इसके लिए लगभग 483 करोड़ रुपये चुकाने होंगे।

GST संग्रह बढ़ने के बावजूद राज्यों की राजस्व वृद्धि घटकर 7-9 प्रतिशत रहेगी

माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह अच्छा रहने और संचयी वृद्धि में मददगार होने के बावजूद राज्यों की राजस्व वृद्धि चालू वित्त वर्ष में घटकर सात से नौ प्रतिशत रह सकती है। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की एक रिपोर्ट में यह कहा गया। यह रिपोर्ट सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में 90 प्रतिशत योगदान देने वाले 17 राज्यों के आकलन के बाद तैयार की गई। इसमें बताया गया कि 2020-21 में महामारी के प्रकोप के दौरान राजस्व वृद्धि कम थी और उसकी तुलना में 2021-22 में यह 25 प्रतिशत के बेहतर स्तर पर रही। क्रिसिल ने रिपोर्ट में कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 में कर संग्रह अच्छा रहने से राजस्व वृद्धि को बल मिलेगा। राज्यों को मिलने वाले राजस्व में 45 प्रतिशत हिस्सेदारी जीएसटी संग्रह और केंद्र से हस्तांतरण को मिलाकर होती है और इसके दहाई अंक में बढ़ने का अनुमान है। पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री से मिलने वाले कर संग्रह की सपाट या निम्न एवं एकल अंक की वृद्धि (8 से 9 फीसदी) और 15वें वित्त आयोग (13-15 फीसदी) की अनुदान अनुशंसा वृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले कारक होंगे।

यूरोप में 500 साल का सबसे बड़ा सूखा

जलवायु परिवर्तन का असर पूरी दुनिया में दिखने लगा है। खासकर यूरोप में अब इसका सबसे बुरा प्रभाव दिख रहा है। यह पूरा महाद्वीप 500 साल के अपने सबसे बुरे सूखे की तरफ बढ़ रहा है। यहां तक कि आमतौर पर बारिश से भीगा रहने वाला इंग्लैंड तक सूखे से गुजर रहा है। यहां सरकार ने इतिहास में पहली बार आधिकारिक तौर पर सूखे से गुजरने का घोषणा किया। इससे पहले फ्रांस और स्पेन के नेताओं ने भी कहा कि उनका देश अब तक की सबसे खतरनाक सूखे की स्थिति से गुजर रहा है।

पहला खेलो इंडिया महिला जूडो टूर्नामेंट 27 अगस्त, 2022 से भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) केंद्र गुवाहाटी में शुरू होगा

पहला खेलो इंडिया महिला जूडो टूर्नामेंट 27 अगस्त से भारत के चार क्षेत्रों (भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र गुवाहाटी, असम | वीकेएन मेनन स्टेडियम, त्रिशूर, केरल | पेस्टल वुड स्कूल, देहरादून, उत्तराखंड |सरदार पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गुजरात) में आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के प्रमुख कार्यक्रम, खेलो इंडिया के माध्यम से महिलाओं के लिए खेल प्रतियोगिताओं का समर्थन करने को लेकर युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा जूडो टूर्नामेंट एक और पहल है। राष्ट्रीय दौर से पहले चार क्षेत्रों में आयोजित होने वाला टूर्नामेंट, एक खुला क्षेत्रीय स्तर का रैंकिंग टूर्नामेंट है। प्रतियोगी चार आयु वर्गों में हैं: सब-जूनियर (12-15 वर्ष), कैडेट (15-17 वर्ष), जूनियर (15-20 वर्ष) और सीनियर (15+ वर्ष)। युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के खेल विभाग ने टूर्नामेंट के आयोजन के लिए कुल 1.74 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जिसमें 48.86 लाख रुपये की पुरस्कार राशि शामिल है। बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल 2022 में रजत पदक जीतने वाली सुशीला देवी ने कहा, "मैं भारतीय जूडो फेडरेशन और खेल प्राधिकरण को जूडो के लिए इस तरह की प्रतियोगिता की योजना बनाने और देश में खेल को आगे बढ़ाने के लिए सभी कदम उठाने के लिए धन्यवाद देती हूं। यह वास्तव में भारत में जूडो के और विकास में मदद करेगा।" सभी चार जोनों में प्रतियोगिता के बाद, 20-23 अक्टूबर के लिए नई दिल्ली के केडी जाधव इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रीय दौर का आयोजन किया जाएगा।

वी.वी. एस. लक्ष्‍मण एशिया कप में भारतीय क्रिकेट टीम के अंतरिम कोच होंगे

वीवीएस लक्ष्मण को 2022 एशिया कप के लिए टीम इंडिया का अंतरिम मुख्य कोच बनाया गया है। राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के प्रमुख लक्ष्मण एशिया कप 2022 के लिए दुबई में अंतरिम मुख्य कोच के रूप में टीम इंडिया में शामिल हुए हैं। यह फैसला बीसीसीआई द्वारा इस बात पुष्टि किए जाने के एक दिन बाद आया है कि भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद टीम के साथ यात्रा नहीं की। भारत एशिया कप में चैंपियन के रूप में प्रवेश करेगा। रोहित के नेतृत्व में, भारतीय टीम ने 2018 में टूर्नामेंट जीता था। भारत ने 2016 में महेन्द्र सिंह धोनी के नेतृत्व में एशिया कप भी जीता था।

विश्व गुजराती दिवस 2022: 24 अगस्त

विश्व गुजराती भाषा दिवस 2022 हर साल 24 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिन गुजरात के महान लेखक 'वीर नर्मद' की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। 'गुजराती दिवस' इसलिए मनाया जाता है क्योंकि कवि नर्मद को गुजराती भाषा का निर्माता माना जाता था। उन्होंने गुजराती साहित्य को अंतर्राष्ट्रीय बनाया है। कवि वीर नर्मद का जन्म 24 अगस्त, 1833 को गुजरात के सूरत में हुआ था। वह एक ब्राह्मण परिवार से थे। उनका पूरा नाम नर्मदाशंकर लालशंकर दवे था। नर्मद ने 22 साल में अपनी पहली कविता लिखी। इसके बाद उन्होंने साहित्य की व्याख्या करनी शुरू की। तब वे मुंबई में बतौर शिक्षक कार्यरत थे। नर्मद ब्रिटिश राज के तहत एक नाटककार, निबंधकार, वक्ता, कोशकार और सुधारक थे, जिनकी कविता "जय जय गरवी गुजरात" अब भारतीय राज्य का राज्य गान है।

फिल्म निर्माता अब्दुल गफ्फार नाडियाडवाला का निधन

फिल्म निर्माता अब्दुल गफ्फार नाडियाडवाला का निधन हो गया। वह 91 साल के थे। अब्दुल गफ्फार नाडियाडवाला ने 1965 में बनी फिल्म ‘महाभारत’ से लेकर 2000 के दशक में बनी कॉमेडी फिल्मों ‘हेरा फेरी’ और ‘वेलकम’ तक 50 से ज्यादा हिन्दी फिल्मों का निर्माण किया है। उन्होंने अपनी ‘फिल्म प्रोडक्शन और मीडिया एंटरटेनमेंट’ कंपनी 1953 में शुरू की। अब्दुल गफ्फार नाडियाडवाला पांच दशक से ज्यादा के अपने फिल्म निर्माण करियर में ’आ गले लग जा’, ’लहू के दो रंग’, ’शंकर शंभू’, ’झूठा सच’, ’सोने पर सुहागा’, ’वतन के रखवाले’ जैसी कई यादगार फिल्में बनाईं। बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन सहित कई फिल्मी हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया है।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Contribute About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.