Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Tricks
Facts

18 January 2023

भारत-बांग्‍लादेश मैत्री पाइपलाइन इस वर्ष जून से परीक्षण आधार पर बांग्‍लादेश को डीजल की आपूर्ति शुरू की जाएगी

भारत-बांग्‍लादेश मैत्री पाइपलाइन-आईबीएफपीएल इस वर्ष जून से परीक्षण आधार पर बांग्‍लादेश को डीजल की आपूर्ति शुरू करेगा। ढाका की जातीय संसद में एक लिखित प्रश्‍न के उत्‍तर में बिजली राज्‍य मंत्री नसरूल हामिद ने कहा कि लगभग 131 दशमलव पांच किलोमीटर लंबे पाइपलाइन का निर्माण भारत से डीजल का आयात करने के लिए किया गया है। इस पाइपलाइन का 126 दशमलव पांच किलोमीटर हिस्‍सा बांग्‍लादेश में और पांच किलोमीटर भारत में है। यह अंतरराष्‍ट्रीय पाइपलाइन डीजल को नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमि‍टेड के सिलिगुडी विपणन टर्मिनल से बांग्‍लादेश पेट्रोलियम कॉपरेशन-बीपीसी के पार्बतीपुर डिपो तक पहुंचायेगा। ऐतिहासिक भारत-बांग्‍लादेश मैत्री पाइपलाइन समारोह का आयोजन सितम्‍बर-2018 में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और बांग्‍लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के बीच किया गया था। इस पाइपलाइन की प्रतिवर्ष डीजल आपूर्ति क्षमता दस लाख मीट्रिक टन है। इस परियोजना का निर्माण भारत सरकार के अनुदान से किया जा रहा है।

उत्तराखंड में 'सोल ऑफ स्टील' चैलेंज शुरू किया गया

14 जनवरी को उत्तराखंड में 'सोल ऑफ स्टील' चैलेंज शुरू किया गया है जिसका उद्देश्य ऊँचे स्थानों पर व्यक्ति की सहनशक्ति का परीक्षण करना है। इस अभियान का सामान्य क्षेत्र नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान होगा। यह CLAW ग्लोबल की एक पहल है और इसे भारतीय सेना द्वारा समर्थन प्रदान किया जा रहा है। सोल ऑफ स्टील की अवधारणा कौशल समूहों को संयोजित करना और चुनौतियों का निर्माण करना है जो उच्च ऊँचाई वाले वातावरण में जीवित रहने, स्थिर होने और बढ़ने की मानव क्षमता को मज़बूत करेगा। यह यूरोप में लंबी दूरी की ट्रायथलॉन चुनौती की तर्ज पर आधारित 'आयरनमैन ट्रायथलॉन' प्रणाली है, जो किसी व्यक्ति के धैर्य और धीरज का परीक्षण करता है। जीवन कौशल प्रशिक्षण और युवाओं के विकास के अलावा उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन (एडवेंचर टूरिज़्म) को विश्व स्तर पर बढ़ावा मिलेगा।

CII ने Business Confidence Index जारी किया

भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) बिज़नेस कॉन्फिडेंस इंडेक्स (अक्तूबर-दिसंबर 2022 तिमाही के लिये) लगभग 2 वर्षों में अपने उच्चतम स्तर 67.6 (पिछली तिमाही में 62.2 से) पर पहुँच गया, जो बढ़ती वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के चलते भी भारत के सुरक्षित क्रम पर होने की उम्मीद को दर्शाता है। OECD के अनुसार, एक बिज़नेस कॉन्फिडेंस इंडेक्स उद्योग क्षेत्र में तैयार माल के उत्पादन, ऑर्डर और स्टॉक में विकास पर राय हेतु सर्वेक्षणों के आधार पर भविष्य के विकास की जानकारी प्रदान करता है। CII (भारतीय उद्योग परिसंघ) एक गैर-सरकारी, गैर-लाभकारी, उद्योगों का नेतृत्व करने वाला तथा उद्योग-प्रबंधित संगठन है। इसकी स्थापना 1895 में हुई थी एवं इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है।

केंद्र नगरपालिका सेवाओं और यूएलबी के लिए राष्ट्रीय शहरी प्रौद्योगिकी मिशन शुरू करेगा

केंद्र नगरपालिका सेवाओं और शहरी स्थानीय निकायों के लिए पांच वर्षीय राष्ट्रीय शहरी प्रौद्योगिकी मिशन शुरू करेगा। इस मिशन के द्वारा भारत के 4,500 शहरी स्थानीय निकायों की नगरपालिका सेवाओं और बुनियादी ढांचे में तकनीकी सुधार लाया जाएगा। इस मिशन का संचालन आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा किया जाएगा। व्यय वित्त समिति (EFC) द्वारा तैयार नोट में इस 5 वर्षीय मिशन का परिव्यय ₹15,000 करोड़ निर्धारित किया गया है। मिशन छह बुनियादी सामान्य नागरिक सेवाओं की पहचान करेगा जिन्हें प्रत्येक शहरी स्थानीय निकाय को ऑनलाइन प्रदान करना होगा। इनमें अनिवार्य रूप से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करना, पानी और बिजली कनेक्शन प्रदान करना, संपत्ति कर की गणना और संग्रह करना और शिकायत निवारण शामिल होगा।

ऑक्सफैम ने Survival of the Richest रिपोर्ट जारी की

ऑक्सफैम इंटरनेशनल के एक नए अध्ययन के अनुसार, भारत में सबसे अमीर 1% लोगों के पास अब देश की कुल संपत्ति का 40% से अधिक हिस्सा है, जबकि नीचे की आधी आबादी के पास केवल 3% संपत्ति है। विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक के पहले दिन “Survival of the Richest” नामक अध्ययन जारी किया गया। भारत के संदर्भ में विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक के पहले दिन दावोस में अपनी वार्षिक असमानता रिपोर्ट जारी करते हुए ऑक्सफैम इंटरनेशनल ने कहा कि भारत के दस सबसे अमीरों पर 5 प्रतिशत टैक्स लगाने से बच्चों को स्कूल वापस लाने के लिए पूरा पैसा मिल सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि केवल एक अरबपति गौतम अडानी पर साल 2017 से 2021 के बीच के लाभ पर टैक्स लगाकर 1.79 लाख करोड़ रुपए जुटाया जा सकता है। जो एक वर्ष के लिए 50 लाख से अधिक भारतीय प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों को रोजगार देने के लिए पर्याप्त है।रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि देश के 10 सबसे अमीर अरबपतियों पर 5 प्रतिशत का एक बार का टैक्स साल 2022-23 के लिए (1.37 लाख करोड़ रुपए) स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (86,200 करोड़ रुपए) और आयुष मंत्रालय (3,050 करोड़ रुपये) द्वारा अनुमानित फंड से 1.5 गुना अधिक है। वहीं ऑक्सफैम ने कहा कि भारत में अरबपतियों की कुल संख्या 2020 में 102 से बढ़कर 2022 में 166 हो गई।कमाई के मामले में लैंगिक असमानता पर रिपोर्ट में कहा गया है कि महिला वर्कर को एक पुरुष वर्कर द्वारा कमाए गए प्रत्येक 1 रुपए की तुलना में केवल 63 पैसे मिलते हैं। अनुसूचित जातियों और ग्रामीण वर्करों के लिए यह अंतर और भी अधिक है। ऑक्सफैम ने यह भी कहा है कि जब से कोरोना महामारी शुरू हुई, तब से नवंबर 2022 तक भारत में अरबपतियों की संपत्ति में वास्तविक रूप से 121 प्रतिशत या 3,608 करोड़ रुपए प्रति दिन की वृद्धि हुई है।

जी-20 स्‍वास्‍थ्‍य कार्य समूह की पहली बैठक केरल के तिरुअंतपुरम में शुरू होगी

G-20 स्वास्थ्य कार्य समूह की पहली बैठक केरल के तिरुवनंतपुरम में होगी। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार और विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन बैठक में भाग लेंगे, इसके अलावा जी-20 सदस्य देशों, विशेष आमंत्रित देशों और संबंधित अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

दिल्ली के पुराना किला में फिर से खुदाई शुरू करेगा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण-ए एस आई दिल्ली के पुराना किला में फिर से खुदाई शुरू करेगा। वर्ष 2013-14 और 2017-18 में हुई खुदाई के बाद पुराना किला में खुदाई का यह तीसरा दौर होगा। नवीनतम उत्खनन का उद्देश्य पिछले वर्षों में खोदी गई खाइयों का अनावरण और संरक्षण करना है। पिछले दौर की खुदाई में मौर्य काल से पहले की परतों के प्रमाण मिले थे। इस बार की खुदाई में स्लेटी रंग में रंगें बर्तनों की खोज को पूरा करने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इंद्रप्रस्थ की प्राचीन बस्ती के रूप में पहचाने गए, पुराना किला में लगातार ढाई हजार वर्षों की बसावट, पहले की खुदाई में प्रमाणित हुई थी। पहले हुई खुदाई में मिली कलाकृतियों में नौ सौ ईसा पूर्व काल के चित्रित स्लेटी बर्तन और मौर्य से लेकर शुंग, कुषाण, गुप्त, राजपूत, सल्तनत और मुगल काल तक के मिट्टी के बर्तनों का क्रम शामिल है। वहां मिली वस्तुएं जैसे दरांती, टेराकोटा के खिलौने, भट्ठे की जली हुई ईंटें, मनके, टेराकोटा मूर्तियाँ, मोहरे अब किला परिसर के भीतर पुरातत्व संग्रहालय में दर्शाए किए गए हैं। 16वीं सदी का पुराना किला शेर शाह सूरी और दूसरे मुगल बादशाह हुमायूं ने बनवाया था। लेकिन ये किला उससे भी पहले के हजारों साल के इतिहास को समेटे स्थल पर खड़ा है।

भारतीय जनता पार्टी अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल अगले साल जून तक बढाया

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल अगले साल जून तक बढ़ा दिया गया है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान सर्वसम्‍पति से श्री नड्डा का कार्यकाल बढाने का फैसला किया।

केन्या के दौरे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा है कि नवाचार और अनुसंधान आज के सूचना युग की मुद्रा है इसलिए एक सी चुनौतियों का मुकाबला कर रहे समान विचारधारा वाले राष्ट्रों के साथ सहयोग महत्वपूर्ण है। श्री बिड़ला ने केन्या के स्टेट हाउस में केन्या के राष्ट्रपति डॉक्टर विलियम सामोई रूटो के साथ चर्चा की। उन्होंने डॉक्टर रूटो को राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई भी दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला इस महीने की 16 से 21 तारीख तक केन्या और तंजानिया के लिए एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

भारतीय सेना ने साइबर खतरा संगोष्ठी सह कार्यशाला सैन्य रणक्षेत्रम् 2.0 का आयोजन किया

सेना प्रशिक्षण कमान (आरट्रैक) मुख्यालय के अधीन भारतीय सेना ने अक्टूबर, 2022 से जनवरी 2023 तक हैकथॉन के दूसरे संस्करण- "सैन्य रणक्षेत्रम् 2.0" का आयोजन किया। इसका उद्देश्य परिचालन संबंधित साइबर चुनौतियों का समाधान तलाशना, साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में अभिनव समाधानों को तत्काल शुरू करना और इसके विकास में लगने वाले समय को कम करना है। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने 17 जनवरी, 2023 को एक वर्चुअल समारोह के दौरान इस आयोजन के पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। इस आयोजन का उद्देश्य इस क्षेत्र में स्वदेशी प्रतिभा की पहचान करने के लिए एक मंच प्रदान करना और साइबर प्रतिरोध, सुरक्षा सॉफ्टवेयर कोडिंग, इलेक्ट्रो मैग्नेटिक स्पेक्ट्रम परिचालन (ईएमएसओ) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस/मशीन लर्निंग (एआई/एमएल) के क्षेत्र में प्रशिक्षण के मानक को बढ़ाना था।

राष्ट्रीय पर्वतारोहण और साहसिक खेल संस्थान (निमास) की टीम 6 देशों के साइकिलिंग अभियान पर

"आज़ादी का अमृत महोत्सव" मनाने के लिए दिरांग स्थित राष्ट्रीय पर्वतारोहण और साहसिक खेल संस्थान (निमास) की 4 सदस्यीय टीम 18 जनवरी, 2023 को हनोई, वियतनाम से 6 देशों के साइकिलिंग अभियान की शुरुआत करने के लिए तैयार है। यह टीम 8 मार्च, 2023 को सिंगापुर में एस्प्लेनेड पार्क (आईएनए युद्ध स्मारक) में अपनी यात्रा समाप्त करने से पहले 50 दिन में वियतनाम, लाओस, कंबोडिया, थाईलैंड और मलेशिया होते हुए करीब 5300 किमी की दूरी तय करेगी। 16 जनवरी, 2023 को नई दिल्ली से रवाना होने के बाद अभियान दल हनोई में खुद को वातावरण के अनुकूल बना रहा है। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने पिछले वर्ष (18/4/2022) उनकी अध्यक्षता में हुई संस्थान की कार्यकारी परिषद की बैठक में अभियान को मंजूरी दी थी। निमास सचिव की उपस्थिति में 16 जनवरी को रक्षा मंत्राल्‍य में अपर सचिव ने अभियान को नई दिल्ली से हरी झंडी दिखाई। चार सदस्यीय टीम का नेतृत्व कर्नल आर.एस. जामवाल कर रहे हैं। यह 6 दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्रों के गलियारे का यह अपनी तरह का पहला साइकिलिंग अभियान है। सिंगापुर में वे आईएनए मेमोरियल में उन सभी योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जिन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।

हार्वर्ड और स्मिथसोनियन ने लोकल बबल नामक गुहा का 3डी चुंबकीय मानचित्र तैयार किया

हाल ही में सौरमंडल के चारों ओर विशाल ब्रह्मांडीय गुहा पर नए अध्ययन में ब्रह्मांड के रहस्यों और तारों की उत्पत्ति को उज़ागर करने की क्षमता का पता चला है। सेंटर फॉर एस्ट्रोफिजिक्स (CfA) के शोधकर्त्ता हार्वर्ड और स्मिथसोनियन ने लोकल बबल नामक गुहा का 3डी चुंबकीय मानचित्र तैयार किया है। लोकल बबल 1,000 प्रकाश-वर्ष चौड़ा गुहा या सुपर बबल है। आकाशगंगा में अन्य सुपर बबल भी मौजूद हैं। लोकल बबल हमारी आकाशगंगा, मिल्की वे के इंटरस्टेलर माध्यम (Interstellar MediumISM) में एक बड़ा, कम घनत्त्व वाला क्षेत्र है। इंटरस्टेलर माध्यम वह पदार्थ है जो तारों के बीच के स्थान को भरता है। यह एक गुहा है जिसे लगभग 30 से 50 मिलियन वर्ष पहले हुए सुपरनोवा विस्फोटों की एक शृंखला द्वारा निर्मित माना जाता है।

दिल्ली के राज्य EIA प्राधिकरण ने आक्रामक वृक्ष प्रजातियाँ को रोकने तथा नष्ट करने के लिये कदम उठाने हेतु कहा

दिल्ली के राज्य EIA प्राधिकरण ने राज्य वन विभाग से 3 तेज़ी से बढ़ती आक्रामक वृक्ष प्रजातियों- विलायती कीकर (Prosopis Juliflora), सुबाबुल (River Tamarind) और यूकेलिप्टस को रोकने तथा नष्ट करने के लिये कदम उठाने हेतु कहा है क्योंकि वे स्थानीय पारिस्थितिकी पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं। विलायती कीकर वर्ष 1930 के दशक में अंग्रेज़ों द्वारा लाई गई मैक्सिकन आक्रामक प्रजाति सबसे हानिकारक है। यह दिल्ली रिज़ पर दिखाई देने वाली वनस्पति का एकमात्र रूप है। ऑस्ट्रेलिया से आया यूकेलिप्टस प्रकृति में आक्रामक नहीं है, लेकिन बहुत अधिक जल का उपयोग करता है क्योंकि यह तेज़ी से बढ़ने वाला वृक्ष है। यह एलोपैथिक प्रभाव भी दिखाता है (यौगिकों को छोड़ता है जो आस-पास की अन्य देशी प्रजातियों की वृद्धि में बाधक बनते हैं)। सुबाबुल भी मेक्सिको से आया है और वन विभाग द्वारा ईंधन एवं चारे के लिये पेश किया गया था। तीनों प्रजातियाँ भूजल स्तर को कम कर रही हैं।

GeM पर वोमनिया की कामयाबी का जश्न

ऑनलाइन खरीदारी से जुड़ी सरकारी वेबसाइट Government e-Marketplace- GeM पर वोमनिया की सफलता के उपलक्ष्य में 14 जनवरी, 2023 को नई दिल्ली में जश्न मनाया गया। गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस ने ‘वोमनिया’ के संवर्द्धन के लिये नई व्यावसायिक प्रक्रियाओं और कार्यात्मकताओं को विकसित करने एवं शुरुआत के लिये कई कदम उठाए हैं। इस वेबसाइट पर पंजीकृत महिला उद्यमियों की संख्या 1 लाख 44 हज़ार से अधिक है जिन्हें वोमनिया कहा जाता है। ये महिला उद्यमी सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के क्षेत्र में विक्रेता तथा सेवा प्रदाता के रुप में पंजीकृत हैं और अब तक 21 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक के उत्पादों की बिक्री कर चुकी हैं। वोमनिया की शुरुआत वर्ष 2019 में की गई थी। "वोमनिया" पहल का उद्देश्य GeM पोर्टल पर अनौपचारिक क्षेत्र से महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा मध्यस्थों की भूमिका को नगण्य करते हुए विभिन्न सार्वजनिक खरीदारों के साथ उनके उत्पादों की बिक्री की सुविधा प्रदान करना है। साथ ही "वोमनिया" पहल महिला उद्यमियों द्वारा सामना की जाने वाली "बाज़ारों तक पहुँच", "वित्त तक पहुँच" और "मूल्य-संवर्द्धन तक पहुँच" की तिहरी चुनौतियों का समाधान करने का प्रयास करती है।

जल्लीकट्टू 2023 समारोह मदुरै में शुरू

तमिलनाडु स्थित मदुरै के अवनियापुरम गांव में 15 जनवरी से जल्लीकट्टू 2023 का आयोजन शुरू हो गया है। मदुरै के तीन गांवों में इसका आयोजन किया जाना है। 16 जनवरी को पलमेडु और 17 जनवरी को अलंगनाल्लुर में जल्लीकट्टू खेला गया। इससे पहले 7 जनवरी को मदुरै जिला प्रशासन ने इसी महीने होने वाले ‘जल्लीकट्टू’ के लिए गाइडलाइंस जारी की थी। पोंगल के त्योहार के दौरान, विशेष रूप से तमिलनाडु में, मवेशियों की पूजा की जाती है, जिसमें जल्लीकट्टू के नाम से एक आयोजन किया जाता है। जल्लीकट्टू के खेल में एक सांड को भीड़ के बीच छोड़ दिया जाता है। इस खेल में वहां मौजूद खिलाड़ी अधिक से अधिक समय तक सांड के कूबड़ को पकड़कर उसे काबू में करने की कोशिश करते हैं।

दिसंबर में थोक मुद्रास्फीति घटकर 4.95 प्रतिशत पर आई

दिसंबर 2022 में थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) पर आधारित मुद्रास्फीति में घटकर 4.95 प्रतिशत पर आ गई। मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों और कच्चे तेल की कीमतों में कमी के चलते यह गिरावट हुई। डब्ल्यूपीआई आधारित मुद्रास्फीति नवंबर 2022 में 5.85 प्रतिशत और दिसंबर 2021 में 14.27 प्रतिशत थी। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दिसंबर 2022 में खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति ऋणात्मक 1.25 प्रतिशत और ईंधन तथा बिजली की मुद्रास्फीति 18.09 प्रतिशत थी। समीक्षाधीन महीने में विनिर्मित उत्पादों की मुद्रास्फीति 3.37 प्रतिशत थी। बयान के मुताबिक, दिसंबर 2022 में मुद्रास्फीति की दर में कमी मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों, खनिज तेलों, कच्चे तेल तथा प्राकृतिक गैस, खाद्य उत्पादों, वस्त्रों और रसायनों तथा रासायनिक उत्पादों की कीमतों में गिरावट के चलते हुई।

सेबी ने एआईएफ को क्रेडिट डिफॉल्ट स्वैप लेनदेन में भाग लेने की अनुमति दी

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने SEBI (वैकल्पिक निवेश निधि-AIF) विनियम, 2012 में संशोधन किया, ताकि AIF को क्रेडिट डिफॉल्ट स्वैप (CDS) बाजार में सुरक्षा खरीदारों और विक्रेताओं के रूप में भाग लेने की अनुमति मिल सके। AIF विनियमों के विनियम 16(1)(aa), 17(da), 18(ab) और 20(11) AIF को CDS में भाग लेने में सक्षम बनाते हैं। यह परमिट घरेलू कॉर्पोरेट बॉन्ड सेगमेंट को गहरा करने की सुविधा प्रदान करेगा, और व्यापारिक संस्थाओं को बॉन्ड बाजार से जुड़े जोखिमों को हेज करने में सक्षम करेगा। CDS एक विशिष्ट प्रकार का काउंटर-पार्टी समझौता है जो तीसरे पक्ष के क्रेडिट जोखिम को एक पक्ष से दूसरे पक्ष में स्थानांतरित करने की अनुमति देता है। 2012 में, पूंजी बाजार नियामक सेबी ने म्यूचुअल फंड को क्रेडिट डिफॉल्ट स्वैप लेनदेन में भाग लेने की अनुमति दी थी, जो व्यापारिक संस्थाओं को बांड बाजार से जुड़े जोखिमों को हेज करने की अनुमति देता है।

‘आरआरआर’ ने जीता बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म का अवार्ड

क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड्स 2023 में फिल्म मेकर एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ ने बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म और ‘नाटू-नाटू’ के लिए बेस्ट ऑरिजनल सॉन्ग का क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड जीता है। राम चरण और जूनियर एनटीआर के अलावा, ‘आरआरआर’ में अजय देवगन, आलिया भटट्, श्रिया सरन, समुथिरकानी, रे स्टीवेन्सन, एलिसन डूडी और ओलिविया मॉरिस भी हैं। फिल्म दो रियल लाइफ भारतीय क्रांतिकारियों, अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम की दोस्ती और ब्रिटिश राज के खिलाफ उनकी लड़ाई के आसपास केंद्रित है।

पर्यावरण मंत्रालय ने संरक्षित पौधों की सूची में नीलकुरिंजी को शामिल किया

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEF) ने वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची III के तहत नीलकुरिंजी (स्ट्रोबिलैंथेस कुंथियाना) को संरक्षित पौधों की सूची में शामिल किया है। आदेश के अनुसार, इस पौधे को उखाड़ने या नष्ट करने वालों पर तीन साल की कैद के साथ 25,000 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। नीलकुरिंजी की खेती और इस पर हक़ जताने की अनुमति नहीं है। नीलकुरिंजी का खिलना पर्यटकों के लिए एक मुख्य आकर्षण है, जो उन स्थानों पर आते हैं जहां यह खिलता है। हालाँकि, इससे पौधे का विनाश भी हुआ है, जो इस फूल के क्षेत्रों के लिए एक बड़ा खतरा है। नीलकुरिंजी एक उष्णकटिबंधीय पौधे की प्रजाति है और पश्चिमी घाट में शोला जंगलों में मूल रूप से पाई जाती है। यह पूर्वी घाट में शेवरॉय पहाड़ियों, केरल में अन्नामलाई पहाड़ियों और कर्नाटक में सैंडुरु पहाड़ियों में भी पाया जाता है।

वनडे क्रिकेट में विराट कोहली पांचवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे सीरीज के तीसरे मैच के दौरान भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट का एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कोहली वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में महेला जयवर्धने को पीछे छोड़ कर पांचवें स्थान पर आ गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे में कोहली ने 110 गेंद में नाबाद 166 रन की पारी खेली। वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। उन्होंने 463 मैचों में 18426 रन बनाए हैं। इस दौरान सचिन ने 49 शतक और 96 अर्धशतक लगाए हैं। इस मामले में दूसरे नंबर पर कुमार संगकारा हैं। उन्होंने 14234 रन बनाए हैं। रिकी पोंटिंग तीसरे स्थान पर हैं। पोंटिंग ने 13704 रन बनाए हैं। जयसूर्या 12430 रनों के साथ चौथे स्थान पर हैं।

तिरुवल्लुवर दिवस

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री ने तिरुवल्लुवर दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएँ दीं। वर्तमान समय में यह दिन आमतौर पर तमिलनाडु में 15 या 16 जनवरी को मनाया जाता है और पोंगल समारोह का एक हिस्सा है। तिरुवल्लुवर, जिसे वल्लुवर भी कहा जाता है, एक तमिल संत-कवि थे। उनकी जीवन अवधि को लेकर मतभेद है। जैसा कि उनकी धार्मिक पहचान है, उन्हें जैन धर्म से जुड़ा हुआ माना जाता है। हालाँकि हिंदुओं ने यह भी दावा किया है कि तिरुवल्लुवर हिंदू धर्म से संबंधित थे। तिरुक्कुरल की तुलना विश्व के प्रमुख धर्मों की महान पुस्तकों से की गई है।

राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस : 16 जनवरी

देश के जीवंत स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को पहचानने और बढ़ावा देने के लिए भारत में प्रतिवर्ष 16 जनवरी को राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस मनाया जाता है। यह दिन वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय और उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) द्वारा आयोजित एक सप्ताह तक चलने वाले स्टार्टअप इंडिया इनोवेशन वीक द्वारा चिह्नित किया गया है। यह इवेंट स्टार्टअप व्यवसायों के योगदान को उजागर करने और देश में नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है। यह आयोजन स्टार्टअप व्यवसाय के मालिकों को निवेशकों और अन्य उद्यमियों से जुड़ने और अपने विचारों और अनुभवों को साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करता है।

Start Quiz! PRINT PDF

« Previous Next Affairs »

Notes

Notes on many subjects with example and facts.

Notes

QUESTION

Find Question on this Topic and many other subjects

Learn More

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Download

Here you can download Current Affairs Question PDF.

Download

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Contribute About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.