विनेश फोगाट को 2018 लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स के लिए नामांकित किया गया है। वे इस अवॉर्ड्स के लिए नामांकित होने वाली पहली भारतीय हैं। उनको गोल्फर टाइगर वुड्स के साथ 'वर्ल्ड कमबैक ऑफ द इयर' कैटेगरी में नामांकित किया गया है। विजेताओं की घोषणा 18 फरवरी को यहां होने वाले लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स समारोह में की जाएगी। यह पुरस्कार 2000 में शुरू किया गया था। विजेताओं का चयन लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अकादमी के 66 सदस्य करते हैं। यह अवॉर्ड खेलों में पिछले कैलेंडर ईयर में प्रदर्शन के आधार पर पुरुष और महिला एथलीट को दिया जाता है। भारतीय महिला पहलवान विनेश ने 2018 एशियाई खेलों और गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। हरियाणा के भिवानी की रहने वाले 24 साल की विनेश 2016 में रियो ओलिंपिक में क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान चोटिल हो गई थीं। इसके बाद उन्होंने पिछले साल शानदार वापसी की और देश के लिए गोल्ड मेडल जीते। विनेश इस अवॉर्ड के लिए चुनी जाने वाली इकलौती भारतीय एथलीट हैं। इससे पहले, 2004 में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के साथ लॉरियस स्पोटर्स फॉर गुड अवॉर्ड साझा किया था। तब दोनों टीमों को भारत-पाकिस्तान के बीच जारी राजनीतिक तनाव के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए अवॉर्ड दिया गया था। 2014 में भारतीय एनजीओ मैजिक बस भी यह अवॉर्ड जीत चुकी है।
बाजार में करीब 15 साल से पेटदर्द, बुखार, ब्लड प्रेशर और अनिद्रा जैसी बीमारियों की 80 दवाएं ऐसी हैं, जिन्हें बनाने या बेचने की अनुमति केंद्र सरकार से नहीं ली गई थी। इन दवाओं को बनाने के लिए कंपनियों ने सिर्फ राज्य सरकारों से लाइसेंस के लिए आवेदन किया था और राज्यों ने मंजूरी दे दी थी। अब ये दवाएं बैन होने जा रही हैं। नई दवा को बाजार में लाने के लिए सबसे पहले सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन (सीडीएससीओ) से अनुमति लेनी पड़ती है। अनुमति देने से पहले सीडीएससीओ उस दवा की क्वालिटी और शरीर पर पड़ने वाले असर का अध्ययन करती है। लेकिन, इन 80 दवाओं को बनाने के लिए अनुमति नहीं ली गई। स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर ने अपने स्तर पर कंपनियों को मंजूरी दे दी। यह बात अब सामने आई है। इन्टास, एबॉट, एरिस्टो, एल्केम, सिप्ला, मैनकाइंड जैसी कई कंपनियां इस तरह की फिक्स डोज कॉम्बिनेशन वाली दवाएं बना रही हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज को साल 2018 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 10,251 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड मुनाफा हुआ है। यह सालाना आधार पर 8.8% ज्यादा है। साल 2017 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी को 9,420 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ था। रिलायंस 10,000 करोड़ रुपए से ज्यादा तिमाही मुनाफे वाली देश की पहली निजी कंपनी बन गई है। रिलायंस को लगातार 16वीं तिमाही में फायदा हुआ है।
हंिदूुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा विकसित हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) के सभी हथियार परीक्षण पूरे हो गए हैं। यह हेलीकॉप्टर अब संचालन के लिए सेना में शामिल होने को तैयार है। यह दुनिया का एकमात्र ऐसा लड़ाकू हेलीकॉप्टर है जिसमें सियाचिन ग्लेशियर जितनी ऊंचाई पर संचालन की क्षमता है। रक्षा खरीद परिषद पहले ही 15 एलसीएच की खरीद को मंजूरी दे चुकी है। इनमें से 10 वायु सेना के लिए और पांच थल सेना के लिए हैं।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) विशेष रूप से गृह मंत्रलय के लिए एक उपग्रह लांच करेगा। इस उपग्रह से पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगती सीमा की सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलेगी। टास्क फोर्स ने सीमा प्रबंधन सुधार में अंतरिक्ष तकनीकी का इस्तेमाल करने की सिफारिश की थी। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सिफारिश मंजूर कर ली है। इसके तहत यह कदम उठाया जाएगा।
बाल वीरता पुरस्कार के लिए देशभर से चुने गए 21 बच्चे इस बार राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं हो सकेंगे। ऐसा 1957 के बाद पहली बार हो रहा है। कारण है इन बच्चों को चुनने वाली इंडियन काउंसिल फॉर चाइल्ड वेलफेयर (आईसीसीडब्ल्यू) पर वित्तीय गड़बड़ी के आरोप होना। सरकार हर साल पं. जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय बाल दिवस पर मेधावी बच्चे को नेशनल अवाॅर्ड फॉर चिल्ड्रेन देती रही है। लेकिन, इस बार इन पुरस्कारों का नाम बदलकर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार कर दिया गया है। 61 साल से आईसीसीडब्ल्यू द्वारा चुने गए बहादुर बच्चे ही परेड में शामिल होते थे। लेकिन, इस बार इनकी जगह महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा चुने गए बच्चे पुरष्कृत होंगे। पुरस्कार के लिए 26 बच्चे चुने गए हैं। इन्हीं बच्चों को परेड में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसमें पहले पांच श्रेणियां थीं। इस बार बहादुरी की श्रेणी भी जोड़ी गई है। बहादुरी श्रेणी में तीन बच्चे चुने हैं। दो मध्यप्रदेश और एक कर्नाटक से है।
दिल्ली सरकार के स्कूलों में चल रहे हैप्पीनेस कोर्स की तर्ज पर अब अस्पतालों में भी हैपीनेस थैरेपी होगी। इसकी शुरुआत गुरुवार को हो गई। पूर्व दिल्ली के गुरुतेग बहादुर अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसे लॉन्च किया। हैप्पीनेस थैरेपी मरीजों की वैलनेस के लिए शुरू की गई है। इसमें डांस के अलावा गीत-संगीत, योगा और दूसरे तरीके शामिल किए जा सकते हैं।कुल मिलाकर इसका उद्देश्य मरीजों को अच्छा माहौल देना और स्टाफ- मरीजों के बीच अच्छा संबंध स्थापित करना है।
चीन ने मंगलवार को ही चांद पर पहली बार कपास का पौधा उगाने का ऐलान किया था, लेकिन अगले ही दिन इस पौधे के मरने की खबर आ गई। द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, चांद पर उगाया गया पहला कपास का पौधा रात में तापमान माइनस 170 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की वजह से मर गया। न पहला ऐसा देश बन गया था, जिसने चांद पर किसी पौधे को उगाया था।
वायब्रेंट गुजरात की नौवीं समिट राजधानी गांधीनगर के महात्मा मंदिर में 18 से 20 जनवरी तक होगी। वर्ष 2003 से 2017 तक 8 समिट में 85 लाख करोड़ के निवेश का दावा किया गया था। लेकिन वास्तव में कितना निवेश आया इसका स्पष्ट आंकड़ा सरकार के पास नहीं है।
दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक पर्व कुंभ में शामिल होने के लिए गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रयागराज आए। यहां उन्होंने संगम तट पर पूजा-पाठ किया। गंगा आरती कर विश्व कल्याण की कामना की। राष्ट्रपति ने साधु-संतों से भी मुलाकात की। राष्ट्रपति ने संगम नोज से ही महर्षि भारद्वाज की प्रतिमा का बटन दबाकर अनावरण किया। राष्ट्रपति कोविंद कुंभ में आने वाले देश के दूसरे राष्ट्रपति हैं। इससे पहले प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद 1953 में कुंभ मेला आए थे। डॉ. प्रसाद ने यहां त्रिवेणी में डुबकी भी लगाई थी। राष्ट्रपति हरिजन सेवक संघ द्वारा महात्मा गांधी पर बुलाई गोष्ठी में भी शामिल हुए। महर्षि भारद्वाज की प्रतिमा 32 फीट की इस प्रतिमा को 13 फीट की आधारशिला पर स्थापित किया जा रहा है। इसका आधार स्टील से बनाया गया है। ऊपरी परत कल्चर्ड मार्बल की है। इसे इन्दौर के कलाकार महेंद्र कोडवानी ने बनाया है। मूर्ति का वजन 12 टन है ऋषि भारद्वाज को प्रयाग का प्रथम वासी माना जाता है। कहा जाता है कि ऋषि भारद्वाज ने ही प्रयाग को बसाया था। चरक संहिता के अनुसार, भारद्वाज ने इंद्र से आयुर्वेद का ज्ञान पाया। महर्षि भारद्वाज व्याकरण, आयुर्वेद संहिता, धनुर्वेद, राजनीतिशास्त्र, यंत्रसर्वस्व, अर्थशास्त्र, पुराण, शिक्षा आदि पर अनेक ग्रंथों के रचयिता थे।
पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में सीबीआई की विशेष अदालत ने गुरुवार को गुरमीत राम रहीम समेत चारों दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई। विशेष जज जगदीप सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फैसला सुनाते हुए कहा कि उम्रकैद की सजा दुष्कर्म मामले में दी गई 20 साल की सजा पूरी होने के बाद शुरू होगी। सभी दोषियों पर 50 हजार जुर्माना भी लगाया गया।
सीबीआई के पूर्व डायरेक्टर आलोक वर्मा के साथ विवाद को लेकर सुर्खियों में रहे स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना को भी केंद्र सरकार ने गुरुवार को सीबीआई से हटा दिया। अस्थाना के अलावा 3 और अधिकारी तत्काल प्रभाव से सीबीआई से हटाए गए हैं। गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी अस्थाना और तत्कालीन डायरेक्टर वर्मा का विवाद सार्वजनिक होने के बाद सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में दोनों को जबरन छुट्टी पर भेज दिया था।
इटली के फुटबॉ़ल क्लब युवेंटस ने इटालियन सुपर कप टूर्नामेंट जीत लिया। बुधवार को सऊदी अरब में खेले गए फाइनल में उसने एसी मिलान को 1-0 से हराया। टीम के लिए स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 61वें मिनट में हेडर से गोल किया। युवेंटस का सीजन में यह पहला खिताब है। वह रिकॉर्ड आठवीं बार इटालिन सुपर कप चैम्पियन बना। उसने एसी मिलान (7) को पीछे छोड़ दिया।