आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति ने रेपो रेट (अल्पकालिक उधार दर) में 0.25 की कमी की है, अब रेपो रेट 6% से कम होकर 5.75% हो गया है। नतीजतन, एलएएफ(लिक्विडिटी एडजस्टमेंट फैसिलिटी) के तहत रिवर्स रेपो दर 5.50% और सीमांत स्थायी सुविधा (MSF) दर और बैंक दर 6.0% पर समायोजित है। गौरतलब है कि अब RTGS और NEFT पर लगने वाले शुल्क को ख़त्म करने का निर्णय लिया गया है। रेपो दर, वह दर है जिस पर आरबीआई छोटी समयावधि के लिए बैंकों को ऋण देता है। रिवर्स रेपो दर वह ब्याज दर है जिस पर आरबीआई अल्पकालिक समय के लिए अन्य बैंकों से ऋण लेता है। भारतीय रिज़र्व बैंक ने घरेलू गतिविधियों में मंदी और वैश्विक व्यापार युद्ध में वृद्धि के कारण चालू वित्त वर्ष के लिए आर्थिक विकास का अनुमान 7% तक कम कर दिया है। शक्तिकांत दास- आरबीआई के 25वें गवर्नर, मुख्यालय- मुंबई है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग और रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल 8-9 जून, 2019 को जापान के इबाराकी प्रान्त के त्सुकुबा शहर में व्यापार और डिजिटल अर्थव्यवस्था पर होने वाली जी-20 की मंत्रिस्तरीय बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जापान में G-20 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की दो दिवसीय बैठक में भाग लेंगी। वित्त मंत्री के रूप में सीतारमण की यह पहली विदेश यात्रा होगी। उन्होंने हाल ही में देश की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास भी जापान के फुकुओका में बैठक में भाग लेंगे। जी-20 में दरअसल 19 देश और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं। 19 देश ये हैं: अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूसी संघ, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, ब्रिटेन और संयुक्त राज्य अमेरिका। जी-20 के सदस्य देश दुनिया के दो-तिहाई लोगों और इसकी 85 प्रतिशत अर्थव्यवस्था का प्रतिनिधित्व करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(अध्यक्ष) ने नीति आयोग का पुनर्गठन किया। राजीव कुमार आयोग के उपाध्यक्ष बने रहेंगे। इसके अलावा वी के सारस्वत, वी के पॉल और रमेश चंद को फिर से सदस्य चुना गया। गृह मंत्री अमित शाह पदेन सदस्य बनाए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, शाह के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पदेन सदस्य के तौर पर शामिल रहेंगे। नीति आयोग का 1 जनवरी 2015 को गठन किया गया था।
विप्रो के चेयरमैन अजीम प्रेमजी (73) ने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। विप्रो ने बताया कि प्रेमजी 30 जुलाई को रिटायर हो जाएंगे लेकिन नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और फाउंडर चेयरमैन के तौर पर बोर्ड में बने रहेंगे। प्रेमजी 53 साल से विप्रो का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने 1966 में विप्रो की कमान संभाली थी। उस वक्त पिता के निधन के बाद वे स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की पढ़ाई छोड़कर भारत लौटे थे। विप्रो तब कुकिंग ऑयल के बिजनेस में थी। 1982 में कंपनी ने आईटी सर्विसेज में एंट्री की थी। अजीम प्रेमजी के बेटे रिशद प्रेमजी (41) एक्जीक्यूटिव चेयरमैन का पद संभालेंगे। रिशद फिलहाल विप्रो के चीफ स्ट्रैटजी ऑफिसर हैं और कंपनी के बोर्ड मेंबर हैं।
जगन मोहन रेड्डी सरकार ने चंद्र बाबू नायडू की सरकार के उस विवादित फैसले को बदल दिया, जिसके तहत सीबीआई को आंध्र प्रदेश राज्य में जांच और छापेमार कार्रवाई करने की अनुमति पर रोक लगी थी। सीबीआई को अब राज्य में किसी भी भ्रष्टाचार या अन्य मामलों में कार्रवाई का पूरा अधिकार होगा। 8 नवंबर 2018 को तत्कालीन तेदेपा सरकार ने सरकारी आदेश जारी कर उस आम सहमति को वापस ले लिया था, जिसके तहत सीबीआई को राज्य में कार्रवाई का अधिकार मिला था।
भारत अपनी वायुसेना की ताकत बढ़ाने के लिए इजरायल से 100 से ज्यादा स्पाइस बम खरीदने जा रहा है। दोनों देशों ने इस संबंध में 300 करोड़ रुपये के सौदे पर हस्ताक्षर किए हैं। आपात प्रावधान के अनुसार, इजरायल अगले तीन महीने में बमों की आपूर्ति करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल का यह पहला रक्षा सौदा है।
भारत के स्टार फुटबॉलर सुनील छेत्री सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाले भारतीय फुटबॉलर बन गये हैं। सुनील छेत्री ने भारत के लिए 108वां मैच किंग्स कप में करकाउ के विरुद्ध खेला, हालांकि इस मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले भारत के लिए सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड महान फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया के नाम था, बाइचुंग ने देश के लिए 107 मैच खेले हैं। सुनील छेत्री भारतीय टीम में स्ट्राइकर के रूप में खेलते हैं। सुनील छेत्री का जन्म तेलंगाना राज्य के सिकंदराबाद नगर में हुआ था।
लेनन जोहानसन, जिन्होंने यूरोपीय फुटबॉल के शासी निकाय के अध्यक्ष के रूप में 17 साल के अपने शासनकाल के दौरान चैंपियंस लीग की शुरुआत का प्रबंध किया, उनका निधन हो गया है। वह 89 वर्ष के थे. जोहानसन ने 1990-2007 तक यूईएफए का नेतृत्व किया और अंततः फ्रांस के पूर्व महान मिशेल प्लाटिनी द्वारा राष्ट्रपति चुनाव में हार गये।
सहारा समूह ने “सहारा इवोल्स” ब्रांड नाम के साथ विद्युत् वाहन सेक्टर में प्रवेश करने की घोषणा की है। इस नए ब्रांड के तहत सहारा विभिन्न किस्म के विद्युत् वाहनों का उत्पादन करेगा। इससे टियर-II और ईईसी शहरों में विद्युत् वाहनों के कारोबार में वृद्धि हो सकती है। सहारा इवोल्स की शुरुआत लखनऊ से होगी, बाद में देश के अन्य टियर-II तथा III शहरों में भी सहारा अपनी उपस्थित दर्ज करवाएगा। देश भर में अगले वित्त वर्ष तक सहारा के उत्पाद लांच हो जायेंगे। सहारा एवोल्स के विद्युत् वाहनों में शुष्क लिथियम-आयन बैटरी उपयोग की जायेंगी। इससे वाहन को चलाने की लागत 20 पैसे प्रति किलोमीटर तक जा सकती है (पेट्रोल वाहन को चलाने की औसत लागत 2 रुपये प्रति किलोमीटर है)।
फेसबुक ने भारत में पहला इंटरैक्टिव गेम शो “कन्फेटी” लांच किया। इसकी घोषणा मुंबई में फेसबुक के सोशल एंटरटेनमेंट समिट के दौरान की गयी। यह भारत में फेसबुक का पहला आधिकारिक शो है, यह शो 12 जून, 2019 से शुरू होगा। इसका प्रसारण बुधवार से रविवार के बीच “फेसबुक वाच” पर किया जायेगा, यह फेसबुक का विडियो प्लेटफार्म है। इस गेम शो में विजेता को प्रतिदिन 3 लाख रुपये इनामस्वरुप प्रदान किये जायेंगे, इसमें पॉप कल्चर से सम्बंधित सवाल पूछे जायेंगे। इस इंटरैक्टिव गेम को पहले अमेरिका में लांच किया गया था। अब इसके संस्करणों का आयोजन यूनाइटेड किंगडम, मेक्सिको, कनाडा, वियतनाम, फिलीपींस तथा थाईलैंड में किया जा रहा है। फेसबुक विश्व की सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किंग कंपनी है, व्हाट्सएप्प और इन्स्टाग्राम इसकी सब्सिडियरी हैं। फेसबुक की स्थापना 4 फरवरी, 2004 को की गयी थी। इसके सह- संस्थापक मार्क जकरबर्ग, एदुआर्दो सेवरिन, एंड्रू मैककॉलम, डस्टिन मोस्कोवित्ज़ और क्रिस ह्यूज़ हैं। फेसबुक का मुख्यालय अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया के मेनलो पार्क में स्थित है।
गूगल मैप ने हाल ही में भारत में पब्लिक नेविगेशन के लिए कई नए फीचर लांच किये हैं, इसका उद्देश्य दैनिक यात्रा करने वाले लोगों को सहूलियत प्रदान करना है। अब यूजर बस ट्रेवल की समय सारणी, रेल का लाइव स्टेटस इत्यादि की जानकारी मिलेगी। रियल टाइम ट्रेन स्टेटस सूचना फीचर के द्वारा यूजर को ट्रेन के लाइव स्टेटस के बारे में जानकारी मिलेगी, इसके द्वारा यूजर को यह पता चल सकेगा कि ट्रेन देरी से आ रही है अथवा नहीं। यह फीचर केवल लम्बी दूरी की ट्रेन के लिए उपलब्ध होगा। मिक्स मोड नेविगेशन फीचर के द्वारा यूजर को जानकारी मिल सकेगी की क्या मेट्रो, लोकल ट्रेन अथवा बस से यात्रा करना बेहतर है अथवा ऑटो-रिक्शा से।
भारत ने वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से हरा दिया। इस मैच में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने दो नए रिकॉर्ड बनाए। वे 600वीं पारी में विकेटकीपर के तौर पर मैदान में उतरे। इस आंकड़े तक पहुंचने वाले धोनी इकलौते विकेटकीपर हैं। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विकेटकीपर मार्क बाउचर ने 596 पारियों में विकेटकीपिंग की थी। धोनी ने मैच में दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर एंडिले फेहलुकवायो को युजवेंद्र चहल की गेंद पर स्टंप किया। यह लिस्ट ए क्रिकेट में उनकी 139वीं स्टंपिंग थी। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर मोईन खान के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। फेहलुकवायो को स्टंप आउट करने के साथ ही धोनी ने वर्ल्ड कप में 33वां शिकार किया। वे टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले तीसरे विकेटकीपर हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम (32 शिकार) को पीछे छोड़ दिया। श्रीलंका के कुमार संगकारा(54 शिकार) पहले स्थान पर हैं।
रूस में, रूस के आर्कटिक क्षेत्र और नॉर्वे के माध्यम से यात्रा करने वाली पहली पर्यटक ट्रेन सेंट पीटर्सबर्ग के स्टेशन से अपनी उद्घाटन यात्रा के लिए 91 यात्रियों के साथ रवाना हुई। पर्यटक अमेरिका, जर्मनी, नॉर्वे और रूस सहित सात देशों से आए थे। ट्रेन, जिसका नाम, ज़ारगोल्ड, दो रेस्तरां कारों के साथ पूरा सेंट पीटर्सबर्ग से होकर जाएगी , पूरी यात्रा में 11 दिन लगेंगे और यह यात्रियों को अन्य माध्यमों से पहुंचने में मुश्किल क्षेत्रों की खोज करने की अनुमति मिलेगी। रूस की राजधानी मास्को है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हैं।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि परमाणु हथियारों की संख्या सीमित करने से संबंधित समझौते ‘स्टार्ट’ से पूरी तरह से हटने पर विचार कर रहे हैं। यह विचार नए समझौते के लिए अमेरिका की रुचि न देखते हुए करना पड़ रहा है। सन 2010 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने रूसी समकक्ष दिमित्री मेदवेदेव के साथ यह समझौता किया था। इस समझौते के तहत परमाणु हथियारों की संख्या को सीमित करना था। इसी के साथ एक समझौता और हुआ था, वह मध्यम दूरी तक परमाणु हथियारों को ले जाने की क्षमता वाली मिसाइलों से संबंधित था। यह समझौता दोनों देशों ने इसी साल खत्म कर लिया है।
भारतीय स्पर्धा आयोग ने श्नाइडर इलेक्ट्रिक प्राईवेट लिमिटेड तथा मैकरिची इन्वेस्टमेंट प्राईवेट लिमिटेड द्वारा लारसेन एंड ट्यूबरो लिमिटेड के इलेक्ट्रिकल तथा ऑटोमेशन (ईए) व्यवसाय के अधिग्रहण को मंजूरी देने के आदेश को प्रकाशित किया है। यह मंजूरी आदेश प्रस्तावित अधिग्रहण के गैर-स्पर्धा प्रभावों को समाप्त करने के उद्देश्य से संशोधित किया जा सकता है। यह आदेश 16 जुलाई, 2018 को श्नाइडर तथा मैकरिची द्वारा स्पर्धा अधिनियम 2002 की धारा 6 की उपधारा (2) के अंतर्गत जारी नोटिस पर गहराई से जांच करने के बाद दिया गया है।
संस्कृति और पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रहलाद सिंह पटेल कल नई दिल्ली में ‘‘हिमाचल लोककला की अज्ञात श्रेष्ठ कृतियों’’ पर प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी का आयोजन संयुक्त रूप से नई दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय तथा होम ऑफ फोक आर्ट (जनजातीय लोक तथा उपेक्षित कला संग्रहालय), गुरूग्राम द्वारा किया जा रहा है। इसमें 240 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसमें से 230 कृतियां होम ऑफ फोक आर्ट, गुरूग्राम के स्वर्गीय श्री के.सी. आर्यन के निजी संग्रह हैं।