मुख्य न्यायधीश रंजन गोगोई 17 नवंबर , 2019 को सेवानिवृत्त हो जायेंगे। उन्होंने 3 अक्टूबर, 2018 को भारत के 46वें मुख्य न्यायाधीश की शपथ ली थी। उन्होंने जस्टिस दीपक मिश्रा का स्थान लिया था। उन्होंने 3 अक्टूबर, 2018 से 17 नवम्बर, 2019 तक भारत के मुख्य न्यायधीश के रूप में कार्य किया। उनका कार्यकाल लगभग 13 महीने का रहा। जस्टिस रंजन गोगोई उत्तर-पूर्वी क्षेत्र से देश के मुख्य न्यायधीश बनने वाले पहले व्यक्ति हैं। उनके बाद शरद अरविन्द बोबड़े भारत के अगले मुख्य न्यायधीश होंगे।
केन्द्रीय उपभोक्ता कार्यमंत्री रामविलास पासवान द्वारा पाइप से आपूर्ति किये जाने वाले पानी की गुणवत्ता से संबंधित जारी की गई सूची में मुम्बई शीर्ष स्थान पर है। नई दिल्ली में जारी इस सूची में देश के 20 राज्यों की राजधानियों से पाइप द्वारा आपूर्ति किये जाने वाले पानी के नमूने लिये गये थे। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की स्टडी में देश के तीन महानगर दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई के नमूने 11 में 10 मानकों पर फेल रहे। इसी तरह, 17 राज्यों की राजधानी से लिए गए नमूने भी पीने के पानी के लिए तय मानक 'इंडियन स्टेंडर्ड (आईएस) - 10500: 2012' पर खरे नहीं उतरे। इनमें चंडीगढ़, गुवाहाटी, बेंगलुरु, गांधीनगर, लखनऊ, जम्मू, जयपुर, देहरादून, हैदराबाद, भुवनेश्वर, रांची, रायपुर, अमरावती और शिमला शामिल हैं। दिल्ली को सूची में आखिरी स्थान मिला है।
हाल ही में जम्मू-कश्मीर में “निष्ठा” कार्यक्रम लांच किया गया है। निष्ठा (National Initiative on School Head’s and Teachers’ Holistic Advancement) विश्व का सबसे बड़ा अध्यापक शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम है। “निष्ठा” पहल के लिए वेबसाइट, ट्रेनिंग मोड्यूल, प्राइमर बुकलेट तथा मोबाइल एप्प भी उपलब्ध है। मोबाइल एप्प तथा लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम का उपयोग रिसोर्स पर्सन तथा अध्यापकों के पंजीकरण के लिए किया जायेगा। इस एप्प के द्वारा मॉनिटरिंग, मेंटरिंग तथा प्रगति का मूल्यांकन किया जायेगा। यह MOODLE (Modular Object-Oriented Dynamic Learning Environment) पर बेस्ड है। इसका विकास NCERT द्वारा किया गया है।
बांग्लादेश की प्रसिद्ध रबींद्र संगीत की व्याख्याता रेज़वाना चौधरी बन्न्या को ढाका में प्रतिष्ठित आई सी सी आर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार बांग्लादेश में भारत की उच्चायुक्त रीवा गांगुली दास ने इंदिरा गांधी सांस्कृतिक केंद्र द्वारा आयोजित एक संगीत समारोह में प्रदान किया। सुश्री रेज़वाना चौधरी बन्न्या रबींद्र संगीत की एक प्रतिष्ठत व्याख्याता के रूप में जानी जाती हैं। वह गायन की अपनी विशिष्ट शैली के लिए लोकप्रिय हैं। उन्होंने शान्तिनिकेतन में प्रचलित गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए बांग्लादेश में एक संगीत विद्यालय शूरेर धारा की स्थापना की। उन्हें बांग्लादेश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार इंडिपेंडेंस अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है।
न्यायमूर्ति अकिल अब्दुलहमीद कुरैशी ने त्रिपुरा के उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश की शपथ ली। राज्यपाल रमेश बैस ने अगरतला के पुराने राजभवन में एक समारोह में उन्हें पद की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति कुरैशी को आठ नवंबर को त्रिपुरा का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
रिलायंस कम्युनिकेशन्स के चेयरमैन अनिल अम्बानी और चार निदेशकों ने कम्पनी से इस्तीफा दे दिया है। यह कम्पनी दिवालियेपन की प्रक्रिया से गुजर रही है। कर्ज में फंसी इस कम्पनी के मुख्य वित्त अधिकारी मणिकांतन वी. ने भी त्यागपत्र दे दिया है। वैधानिक देनदारियों पर उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद यह घटनाक्रम सामने आया है। उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद कम्पनी ने कल अपने तिमाही नतीजों की घोषणा की। इसमें जुलाई-सितम्बर 2019 की अवधि में 3 खरब 1 अरब 42 करोड़ रुपए की हानि दिखाई गई। किसी भारतीय कम्पनी का यह अब तक का दूसरा सबसे बड़ा नुकसान है।
ओडिशा के बालासोर तट से सेना ने बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-2 का पहली बार रात में परीक्षण किया गया, जो कामयाब रहा। मिसाइल न्यूक्लियर हथियारों के साथ 2000 किमी तक दुश्मन को मार गिराने में सक्षम है। अग्नि-2 का पिछले साल भी टेस्ट किया गया था। इसकी मारक क्षमता को बढ़ाकर 3 हजार किमी किया जा सकता है।
माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स (64) दो साल बाद फिर से दुनिया के सबसे अमीर बन गए हैं। अक्टूबर 2017 में गेट्स को पीछे छोड़ने वाले जेफ बेजोस (55) दूसरे नंबर पर फिसल गए। गेट्स की नेटवर्थ अब 110 अरब डॉलर (7.89 लाख करोड़ रुपए) और बेजोस की 109 अरब डॉलर (7.82 लाख करोड़ रुपए) है। जेफ बेजोस ने पूर्व पत्नी मैकेंजी से तलाक का ऐलान जनवरी में किया था, अप्रैल में तय हुए सेटलमेंट के तहत जेफ बेजोस ने अपने शेयरों में से 25% मैकेंजी को दिए। मैकेंजी के शेयरों की मौजूदा वैल्यू 35 अरब डॉलर है। ये शेयर बेजोस के पास होते तो उनकी नेटवर्थ 144 अरब डॉलर होती और वे दुनिया में सबसे अमीर बने रहते।
निर्वाचन आयोग पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त टी एन शेषन की स्मृति में निर्वाचन अध्ययन के लिए विविध दृष्टिकोण के बारे में विजिटिंग चेयर स्थापित करेगा। यह विजिटिंग चेयर नई दिल्ली के भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान के पाठ्यक्रम विकास केन्द्र में स्थापित की जाएगी। यह 2020 से 2025 तक के लिए होगी। इस चेयर का मार्गदर्शन पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एन. गोपालास्वामी करेंगे।
पहली बार, सीएसआईआर-नेशनल जियोफिजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट ( CSIR-National Geophysical Research Institute: NGRI )हैदराबाद, तेलंगाना में स्थित द्वारा विकसित ‘भारत का जियोकेमिकल बेसलाइन एटलस’ ( Geochemical Baseline Atlas of India ) जारी किया गया है जिसका उपयोग नीति निर्माताओं द्वारा पर्यावरणीय क्षति का आंकलन किया जाएगा। इस एटलस में 45 मानचित्र है जो देश में मिट्टी के नीचे की धातुओं, ऑक्साइड्स एवं तत्वों के बारे में जानकारी प्रदान करता है। यह पृथ्वी के धरातल में संरचनात्मक परिवर्तन को बताएगा। इस मानचित्र के द्वारा उद्योगों एवं अन्य प्रदूषक स्रेातों द्वारा प्रदूषण का आकलन करने में मदद मिलेगी। इस तरह के मानचित्र को तैयार करने के लिए पूरे विश्व को 5000 सेल में बांटा गया जिनमें प्रत्येक सेल 160 किलोमीटर बाय 160 किलोमीटर विभाजित किया गया। भारत में 111 सेल हैं। भारत में सेल संख्या 1 कन्याकुमारी है जबकि अंतिम सेल अरुणाचल प्रदेश है।
भारत वर्ष 2020 के लिए संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों में विकास की विभिन्न परिचालन गतिविधियों के लिए 13.5 मिलियन अमरीकी डालर का योगदान देगा। यह योगदान संयुक्त राष्ट्र महासभा की विकास गतिविधियों के लिए प्रतिज्ञा सम्मेलन(Pledging Conference) में घोषित किया गया था। यह योगदान देश की संयुक्त राष्ट्र प्रणाली में विकास गतिविधियों के समर्थन की लंबे समय से चली आ रही परंपरा के अनुसार है। लगभग 16 देशों ने 2019 के संयुक्त राष्ट्र के विकास गतिविधियों के लिए , प्रतिज्ञा सम्मेलन में कुल 516 मिलियन अमरीकी डालर का वचन दिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया तथा ब्रिक्स देशों के बिज़नेस लीडर्स को भारत में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन ब्राज़ील में किया गया। ब्रिक्स देशों ने आपसी भुगतान के लिए एक साझा क्रिप्टोकरेंसी के निर्माण पर चर्चा की। इस दौरान अमेरिकी डॉलर में भुगतान की हिस्सेदारी कम करने पर चर्चा की गयी। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में प्रथम ब्रिक्स जल मंत्रियों की बैठक का प्रस्ताव रखा। भारत ब्रिक्स डिजिटल स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन का आयोजन करेगा। इस शिखर सम्मेलन में स्वस्थ जीवनचर्या के लिए नवोन्मेषी समाधानों पर फोकस किया जायेगा। भारत ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन का आयोजन भी करेगा, इसमें स्टार्टअप्स, हैकाथन तथा गेम्स पर फोकस किया जायेगा।
भारत में भी कृषि सांख्यिकी के तहत आंकड़ों के संकलन और इसके विश्लेषण का तरीका बदलेगा। इसके लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सहयोग से भारत में पहली बार कृषि सांख्यिकी पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली में किया जा रहा है। 18 से 21 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन का उद्घाटन माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक और समाजसेवी बिल गेट्स करेंगे।
समीक्षकों द्वारा प्रशंसित फिल्म 'भोंसले' ने एशियाई फिल्म महोत्सव बार्सिलोना में प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते हैं। फिल्म ने महोत्सव में 'सर्वश्रेष्ठ पटकथा' और 'सर्वश्रेष्ठ निर्देशक' श्रेणियों में दो पुरस्कार प्राप्त किए हैं। फिल्म का निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है। भोंसले, मनोज बाजपेयी द्वारा निभाए गए एक पुलिस कॉन्स्टेबल की कहानी है, जो प्रवासियों के संघर्ष और स्थानीय राजनेताओं के साथ उनकी लड़ाई में मदद करने की कोशिश करता है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल गिरिश चंद्र मुर्मू ने वृद्धावस्था, विधवाओं और दिव्यांग जनों के पेंशन संबंधी एक लाख तीस हज़ार नए मामले एकीकृत सामाजिक सुरक्षा योजना-आई एस एस एस और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम-एन एस ए पी के तहत लाये जाने की मंजूरी दी है। यह फैसला उपराज्यपाल की अध्यक्षता में हुई एक उच्च-स्तरीय बैठक में लिया गया जिसमें प्रदेश में लंबित पेंशन मामलों की समीक्षा की गई।
संसदीय मामले की कैबिनेट समिति (CCPA) की बैठक में संसद के शीतकालीन सत्र का आयोजन पर चर्चा की गयी थी। इस वर्ष 18 नवम्बर से संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हुआ। इस सत्र में नागरिकता बिल, जुवेनाइल जस्टिस बिल, निजी डाटा सुरक्षा बिल को पारित करने का प्रयास किया जायेगा।
दिग्गज भारतीय मुक्केबाज एल सरिता देवी निर्विरोध तरीके से अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ (एआइबीए) के पहली एथलीट आयोग में चुनी गई जो एशियाई क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी। आयोग में पांच क्षेत्रीय संघों (एशिया, ओसनिया, यूरोप, अमेरिका और यूरोप) से एक महिला और एक पुरुष मुक्केबाज को चुना गया है। एआइबीए के अंतरिम अध्यक्ष मुहम्मद मौस्ताहसाने ने सरिता को भेजे पत्र में लिखकर यह जानकारी दी।
जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख में केन्द्र के समान सुशासन के बेहतर तौर तरीके अमल में लाने के विषय पर जम्मू में शुरु हुआ दो दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन संपन्न हो गया। सम्मेलन का उद्घाटन पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डोनर), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, जन शिकायत और पेंशन; परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. जितेन्द्र सिंह ने किया था। उद्धाटन सत्र में जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल श्री जी. सी. मुरमु, जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव श्री बी. वी. आर सुब्रह्मण्यम,डीओपीटी तथा डीएआरपीजी सचिव डा.सी चंद्रमौली,डीएआरपीजी के अपर सचिव श्री वी श्रीनिवास और कई अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौजूद थे।
वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा ने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने संस्था के बीच चल रही ‘खींचतान और दबावों’ में अपने पद पर बने रहने में असमर्थता जताई। शर्मा का लगभग 20 माह का कार्यकाल उतार चढ़ाव भरा रहा। इस बीच उनके महासचिव विनोद तिहारा से मतभेद सार्वजनिक तौर पर सामने आए।
अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट में सिखों के सम्मान में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया है। इसमें सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 550वीं जयंती के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व के साथ ही अमेरिका के विकास में सिखों के योगदान की भी सराहना की गई है। सिखों पर इस तरह का यह पहला प्रस्ताव है, जिस पर सीनेट की मुहर लगी है।
एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता पहलवान भारत के बजरंग पूनिया और पावरलिफ्टिंग के विश्व चैंपियन गौरव शर्मा को दुबई में इंडो-अरब लीडर्स समिट एंड अवॉर्ड-2019 में सम्मानित किया गया। बजरंग को इस अवॉर्ड समारोह में ‘इंडियन पर्सनलिटी ऑफ द ईयर’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, गौरव ‘विजनरी लीडर्स ऑफ द ईयर-स्पोर्ट्स’अवॉर्ड से सम्मानित हुए।