Please select date to view old current affairs.
नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम चन्द्र पौडेल नेपाल के तीसरे राष्ट्रपति चुने गये हैं। राष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने सी पी एन-यू एम एल के उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र नेमबांग को 33 हजार 802 वोटों से हराया। श्री नेमबांग को 15 हजार 518 मत प्राप्त हुए थे। संघीय संसद के कुल 313 सदस्यों और प्रान्तीय असेम्बली के 518 सदस्यों ने मतदान में भाग लिया। नेपाल की प्रतिनिधिसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री पौडेल सी पी एन'-माओवादी सेन्टर, सी पी एन संयुक्त सोशलिस्ट, जनता समाजवादी पार्टी ऑफ नेपाल, लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी नेपाल, जनमत पार्टी, नागरिक उन्मुक्ति पार्टी, राष्ट्रीय जनमोर्चा और नेपाल समाजवादी पार्टी तथा नेपाली कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार थे।
भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने आईटीबी, बर्लिन 2023 में आयोजित 'टीवी/सिनेमा कमर्शियल्स इंटरनेशनल एंड कंट्री इंटरनेशनल' की श्रेणी के लिए इंटरनेशनल 'गोल्डन सिटी गेट टूरिज्म अवार्ड्स 2023' में गोल्डन और सिल्वर स्टार पुरस्कार हासिल किया है। ये पुरस्कार सचिव (पर्यटन) भारत सरकार, श्री अरविंद सिंह द्वारा 08 मार्च 2023 को आईटीबी बर्लिन में 7 से 9 मार्च 2023 तक आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रहण किए गए। गोल्डन सिटी गेट टूरिज्म मल्टी-मीडिया अवार्ड्स हर वर्ष पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न श्रेणियों में दिए जाते हैं। 'गोल्डन सिटी गेट' देशों, शहरों, क्षेत्रों और होटलों के लिए एक रचनात्मक बहु-मीडिया से संबंधित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता है। यह वार्षिक पुरस्कार समारोह आईटीबी बर्लिन में आयोजित होता है, जो दुनिया का एक प्रमुख पर्यटन व्यापार शो है।
भारत ने सुझाव दिया है कि बाघों की सुरक्षा के लिये उसके नेतृत्त्व में एक अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन स्थापित किया जाना चाहिये और 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर (800 करोड़ रुपए से अधिक) के गारंटीकृत वित्तपोषण के साथ पाँच वर्ष की अवधि में समर्थन का आश्वासन दिया है। प्रस्तावित इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (आईबीसीए) सात प्रमुख बाघों- बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुए, प्यूमा, जगुआर और चीता की सुरक्षा एवं संरक्षण की दिशा में कार्य करेगा। गठबंधन की सदस्यता 97 "रेंज" देशों के लिये खुली होगी, जिसमें अन्य इच्छुक राष्ट्र, अंतर्राष्ट्रीय संगठन आदि भी शामिल हो सकते हैं। यह गठबंधन 2022 में नामीबिया से चीतों के आगमन से प्रेरित था जिसमें इन बड़ी बिल्लियों के प्राकृतिक आवास भी शामिल हैं। भारत विश्व का एकमात्र राष्ट्र है जहाँ प्यूमा और जगुआर को छोड़कर बाघ, शेर, तेंदुए, हिम तेंदुए और चीता पाए जाते हैं। इसलिये यह उचित होगा कि भारत संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठन के साथ सभी बड़े देशों को साथ लाने का बीड़ा उठाए। IBCA की शासन संरचना में सभी सदस्य देशों की एक महासभा होगी, जिसमें न्यूनतम 7 और अधिकतम 15 सदस्यों की एक परिषद जिसके सदस्य 5 वर्ष की अवधि के लिये महासभा द्वारा चुने जाएंगे तथा एक सचिवालय शामिल होगा। परिषद की सिफारिश पर महासभा एक विशिष्ट अवधि के लिये IBCA महासचिव नियुक्त करेगी।
भारतीय मानक ब्यूरो (Bureau of Indian Standards- BIS) ने 31 मार्च, 2023 के बाद बिना 6 अंकों के अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्क विशिष्ट पहचान संख्या (Hallmark Unique Identification Number- HUID) के हॉलमार्क वाले सोने के आभूषणों या सोने की कलाकृतियों की बिक्री पर रोक लगा दी है। हालाँकि पुरानी योजनाओं के अनुसार उपभोक्ताओं के पास हॉलमार्क वाले गहने मान्य रहेंगे। इससे पहले 4 अंकों वाले पुराने हॉलमार्क के आभूषणों की बिक्री की अनुमति थी और आभूषण विक्रेता 6 अंकों के HUID चिह्न वाले गहनों के साथ इसे भी बेच सकते थे। कीमती धातु के सामानों में कीमती धातु की आनुपातिक सामग्री का सटीक निर्धारण और आधिकारिक रिकॉर्डिंग को हॉलमार्किंग के रूप में जाना जाता है। आभूषणों के संदर्भ में हॉलमार्किंग योजना BIS द्वारा वर्ष 2000 में शुरू की गई थी। भारत में वर्तमान में हॉलमार्किंग के दायरे में सोने और चाँदी जैसी दो कीमती धातुओं को शामिल किया गया है। हालाँकि 23 जून, 2021 से गोल्ड ज्वेलरी और गोल्ड आर्टिफैक्ट्स ऑर्डर, 2022 के अनुसार देश के 288 ज़िलों में अनिवार्य हॉलमार्किंग को सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया गया है। वर्ष 2021 में 6-अंकीय HUID की शुरुआत के बाद हॉलमार्क में 3 प्रतीक अर्थात्, BIS लोगो, आभूषणों की शुद्धता और छह-अंकीय अल्फान्यूमेरिक HUID शामिल थे। प्रत्येक हॉलमार्क किये गए आभूषण में अद्वितीय HUID संख्या होती है, जिससे आभूषणों का पता लगाया जा सकता है।
कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय में अपर सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी ने नई दिल्ली में बांस क्षेत्र के विकास पर राष्ट्रीय कार्यशाला में बांस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में त्रिपुरा, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मेघालय, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम सहित राज्य बांस मिशनों की भागीदारी देखी गई। विभिन्न संस्थानों जैसे कि बांस एवं बेंत विकास संस्थान, फोनिक्स फाउंडेशन, पूर्वोत्तर बेंत एवं बांस विकास परिषद, एमएसएमई क्लस्टर फाउंडेशन के साथ-साथ स्टार्टअप्स और नए जमाने की कंपनियों जैसे कि एपिटोम (मुथा इंडस्ट्रीज), बायोक्राफ्ट बायोमाइज, बैम्बू इंडिया, ईएसईएस बायोवेल्थ प्राइवेट लिमिटेड, कॉर्नर आर्ट स्टोर और विभिन्न संगठनों जैसे कि महाराष्ट्र बांस बोर्ड, हस्तशिल्प क्षेत्रीय परिषद और नेफेड के अधीनस्थ बांस एफपीओ ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया। यह कार्यक्रम 9 और 10 मार्च, 2023 को नई दिल्ली में कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय, इन्वेस्ट इंडिया और केरल राज्य बांस मिशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने अनुसंधान अनुदान और कोष के लिए एक विशेष महिला पोर्टल की घोषणा की। ये पोर्टल पहली अप्रैल से शुरू होगा। नई दिल्ली में वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद-सीएसआईआर के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में श्री जितेन्द्र सिंह ने बताया कि उसी दिन से महिला वैज्ञानिक प्रस्तावों को वेबसाइट पर जमा कर सकती हैं। उल्लेखनीय है कि डॉ. जितेंद्र सिंह की अध्यक्षता में 17 दिसंबर, 2022 को सीएसआईआर की गवर्निंग बॉडी की 200वीं बैठक के दौरान बाह्य अनुसंधान योजना के तहत महिला वैज्ञानिकों से अनुसंधान अनुदान प्रस्तावों को आमंत्रित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। देश भर में केवल महिला वैज्ञानिक ही विज्ञान और इंजीनियरिंग के प्रमुख विषयों जैसे जीवन विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, इंजीनियरिंग विज्ञान और इंटर/ट्रांस अनुशासनिक विज्ञान में अनुसंधान और विकास करने के लिए अनुसंधान अनुदान के लिए आवेदन करने की पात्र होंगी। कर्मचारियों (जेआरएफ/एसआरएफ/आरए), आकस्मिकता और छोटे उपकरणों के लिए धन उपलब्ध कराया जाएगा। रिसर्च फेलो के स्टाइपेंड सहित एक शोध प्रस्ताव का कुल बजट आम तौर पर 25-30 लाख की सीमा से अधिक नहीं होना चाहिए।
कोलंबिया में 25 वर्षों में पहली बार महिलाओं को सेना में शामिल करने की अनुमति दी गई है। पिछले महीने कोलंबिया की सेना में एक हज़ार 296 महिलाओं को भर्ती किया गया। कोलम्बिया में लंबे समय से 18 से 24 वर्ष के पुरुषों के लिए अनिवार्य सैन्य सेवा का नियम जारी है। सेना इन युवाओं को सैन्य अड्डों, बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और प्रशासनिक कार्यों में लगाती है जबकि उसके पेशेवर सैनिक मादक पदार्थों की तस्करी में लगे गिरोहों और विद्रोही समूहों का सामना करते हैं। अधिकारियों ने इस वर्ष समान आयु वर्ग की महिलाओं को स्वेच्छा से सेना में शामिल होने की अनुमति दी है। कोलंबियाई सेना में करीब दो लाख सैनिक हैं जिनमें लगभग एक प्रतिशत महिलाएं हैं। वे अभी तक सैन्य विश्वविद्यालयों से या प्रशासनिक नौकरियों के आवेदन के बाद इसमें शामिल होती रही है। दक्षिण अमरीकी देश कोलम्बिया में हर साल 12 महीने अनिवार्य सैन्य सेवा के लिए लगभग 50 हजार पुरुषों को सशस्त्र बलों में शामिल किया जाता है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने बेंगलुरु में अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और इसरो का संयुक्त सेंथेटिक अपरचर रडार-निसार उपग्रह प्राप्त किया। नासा और इसरो द्वारा संयुक्त रूप से विकसित यह उपग्रह पृथ्वी की सतह का विश्लेषण कर डाटा तैयार करेगा। इसका उपयोग कृषि, भूस्खलन और आपदा प्रबंधन सहित कई क्षेत्रों में किया जाएगा। इसे अमरीकी वायु सेना सी17 मालवाहक विमान ने बेंगलुरू लाया गया। इस उपग्रह को बेंगलुरु में यू आर राव उपग्रह केंद्र में विभिन्न परीक्षणों से गुजरना होगा। यह अंतरिक्ष मिशन भारत-अमरीका नागरिक अंतरिक्ष सहयोग का हिस्सा है। ये उन्नत रडार सिस्टम प्राकृतिक खतरों, पिघलती समुद्री बर्फ और भूजल आपूर्ति का अध्ययन करेगा। इसे श्रीहरिकोटा में इसरो के जीएसएलवी मार्क 2 से अगले साल की शुरुआत में प्रक्षेपित किया जाएगा।
कर्नल गीता राणा पूर्वी लद्दाख के अग्रिम मोर्चे पर फील्ड वर्कशॉप को कमांड करने वाली भारतीय सेना की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं। गीता राणा अभी कोर ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स (EME) में कर्नल हैं। गौरतलब है कि हाल ही में भारतीय सेना ने महिला अधिकारियों को भी कमांडर की भूमिका में लेने की मंजूरी थी। जिसके बाद कर्नल गीता यह उपलब्धि पाने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं। कर्नल गीता चीन सीमा पर तैनात स्वतंत्र फील्ड वर्कशॉप को कमांड करेंगी।
भारतीय नौ-सेना के मुख्य परिचालन स्तर का अभ्यास ट्रॉपेक्स 2023 इस सप्ताह अरब सागर में शुरू हुआ। यह अभ्यास भारतीय महासागर क्षेत्र में चार महीने के अंतराल के लिए आयोजित किया गया। भारतीय नौसेना ने कहा कि ट्रॉपेक्स अभ्यास में लगभग 70 भारतीय नौसेना के जहाज, छह सबमरीन और 75 लड़ाकू विमान शामिल हुए। अंतिम संयुक्त चरण में, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस महीने की 6 तारीख को नए कमीशन किए गए स्वदेशी विमान वाहक विक्रांत पर समुद्र में एक दिन बिताया।
केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) ने मसौदा केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (ग्रेट इंडियन बस्टर्ड क्षेत्र में विद्युत लाइनों का निर्माण) विनियमन, 2023 जारी किया है, जिसमें 'ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (GIB) क्षेत्र' के माध्यम से विद्युत लाइनों को भूमिगत या ओवरहेड किया जाना अनिवार्य बना दिया गया है। लुप्तप्राय ग्रेट इंडियन बस्टर्ड पर खतरे के मुद्दे को सर्वोच्च न्यायालय (SC) में एक मामले के आलोक में विनियमित किया गया। नियमों के अनुसार, 'ग्रेट इंडियन बस्टर्ड क्षेत्र' से गुज़रने वाली 33 kV और उससे कम की सभी विद्युत लाइनें भूमिगत होंगी, जबकि 33 kV से ऊपर की लाइनें बर्ड फ्लाइट डायवर्टर के साथ ओवरहेड लाइनें होंगी। डायवर्टर का उद्देश्य पक्षियों के लिये विद्युत लाइन दृश्यता में सुधार करना और टक्कर के ज़ोखिम को कम करना है। द ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (Ardeotis nigriceps), राजस्थान का राजकीय पक्षी है, इसे भारत का सबसे गंभीर रूप से लुप्तप्राय पक्षी माना जाता है। इसे प्रमुखतः घास के मैदान की प्रजाति माना जाता है, जो चरागाह पारिस्थितिकी का प्रतिनिधित्त्व करता है। इसकी अधिकतम आबादी राजस्थान और गुजरात तक ही सीमित है। महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में यह प्रजाति कम संख्या में पाई जाती है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के उपग्रह डेटा के अनुसार, देश में उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और टिहरी गढ़वाल सबसे अधिक भूस्खलन-प्रवण ज़िले हैं। हाल ही में उत्तराखंड के जोशीमठ का मामला भूस्खलन बड़ी घटनाओं में से एक है। कुछ अन्य उदाहरणों में 2013 में केदारनाथ में आपदा और 2011 में सिक्किम भूकंप के कारण हुए भूस्खलन शामिल हैं। वैश्विक स्तर पर प्राकृतिक आपदाओं में होने वाली मौतों के मामले में भूस्खलन तीसरे स्थान पर है। भारत उन चार प्रमुख देशों में शामिल है जहाँ भूस्खलन का खतरा सबसे अधिक है। देश में लगभग 0.42 मिलियन वर्ग किलोमीटर भू-स्खलन संभावित क्षेत्र है, जो देश के कुल भूमि क्षेत्र का 12.6% है।
विश्व में महिलाओं के सबसे बड़े महोत्सव में से एक माने जाने वाले इस त्योहार में लगभग 15 लाख महिलाओं ने तिरुवनंतपुरम, केरल के वार्षिक अट्टुकल पोंगल उत्सव में भाग लिया। इस उत्सव में केरल के तिरुवनंतपुरम में अट्टुकल भगवती मंदिर के देवता को चावल से बनी एक मिठाई पोंगल चढ़ाई जाती है। दस दिवसीय इस उत्सव का मुख्य आकर्षण नौवें दिन चढ़ाई जाने वाली सामूहिक भेंट है। जहाँ राजधानी में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में महिलाएँ पहुँचती हैं। वर्ष 2009 में इस अनुष्ठान ने एक ही दिन में महिलाओं की सबसे बड़ी धार्मिक सभा के रूप में गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बनाई थी, जब इसमें 2.5 मिलियन से अधिक महिलाओं ने भाग लिया था। अट्टुकल मंदिर को "महिलाओं का सबरीमाला" कहा जाता है क्योंकि यहाँ केवल महिलाएँ ही अनुष्ठान करती हैं, जबकि सबरीमाला में मुख्य रूप से पुरुष ही भगवान अयप्पा के पहाड़ी मंदिर की तीर्थ यात्रा करते हैं।
समर्थ (SAMARTH – Scheme for Capacity Building in Textiles Sector) योजना एक मांग-संचालित और प्लेसमेंट-उन्मुख छाता कौशल पहल है, जिसका उद्देश्य संगठित कपड़ा उद्योग और संबंधित क्षेत्रों में प्रोत्साहन प्रदान करना और रोजगार सृजित करना है। यह राज्य सरकार की एजेंसियों, कपड़ा उद्योग/उद्योग संघों और कपड़ा मंत्रालय के क्षेत्रीय संगठनों जैसे कार्यान्वयन भागीदारों के माध्यम से कार्यान्वित की जाती है। इसे मार्च 2024 तक लागू किया जाएगा। भारत सरकार अब समर्थ योजना के तहत कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए और अधिक उद्योग भागीदारों को जोड़ने की योजना बना रही है। यह पहल इस दशक के अंत तक टेक्सटाइल सेक्टर को मौजूदा 150-155 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 250 बिलियन डॉलर करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का हिस्सा है।
2 मार्च, 2023 को जारी अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी द्वारा CO2 Emissions in 2022 Report के अनुसार, 2022 में वैश्विक ऊर्जा संबंधी CO2 उत्सर्जन में 1% से भी कम की वृद्धि हुई। यह कई देशों द्वारा ऊर्जा स्रोत के रूप में प्राकृतिक गैस से कोयले की ओर स्थानांतरित होने के बावजूद है। यह सौर, पवन, ईवी, हीट पंप और ऊर्जा दक्षता जैसी स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के बढ़ते उपयोग के कारण था, जिसने वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच कोयले और तेल के उपयोग के प्रभावों को सीमित करने में मदद की। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्सर्जन में यह वृद्धि 2021 में 6% से अधिक की असाधारण वृद्धि की तुलना में काफी कम थी। इसने ऊर्जा और जलवायु लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण में तेजी लाने के लिए मजबूत कदमों की सिफारिश की। रिपोर्ट के मुताबिक, कोविड लॉकडाउन के कारण 2022 में चीन में उत्सर्जन में कमी आई है। यूरोपीय संघ में, उत्सर्जन में 2.5% की कमी आई। ऐसा इसलिए था, क्योंकि रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने के साथ, कई देशों ने रूस से गैस और तेल का आयात बंद कर दिया और स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ गए। अमेरिका में उत्सर्जन में 0.8% की वृद्धि हुई।
Mental State of the World Report हाल ही में सैपियन लैब्स नामक एक गैर-लाभकारी संस्था द्वारा जारी की गई थी। यह रिपोर्ट 64 देशों के 4 लाख से अधिक प्रतिभागियों के सर्वेक्षण पर आधारित है। इस रिपोर्ट के अनुसार, कोविड-19 महामारी का मानसिक स्वास्थ्य और पारस्परिक संबंधों पर हानिकारक प्रभाव पड़ा है। इस रिपोर्ट के मानसिक स्वास्थ्य गुणांक (mental health quotient) में पाया गया कि 300 अंकों के पैमाने पर, मानसिक स्वास्थ्य स्कोर में COVID-19 महामारी के दो वर्षों में औसतन 33 अंकों की गिरावट आई है। इस गिरावट में अभी सुधार होना बाकी है। इसमें पाया गया कि युवा वयस्कों में मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों की संभावना अधिक होती है। इस रिपोर्ट ने विभिन्न देशों में लोगों के मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए मेंटल हेल्थ कोशेंट का इस्तेमाल किया। इसकी गणना एक ऑनलाइन सर्वेक्षण के आधार पर की गई थी। प्रतिभागियों को भारत, स्पेन, फ्रांस, अरब देशों, उत्तरी अफ्रीका, जर्मनी और अन्य पश्चिमी देशों से यादृच्छिक रूप से चुना गया था। सामाजिक स्व (Social self )में गिरावट के मामले में, भारत सूची में सबसे ऊपर है। सामाजिक स्व का अर्थ है दूसरों के साथ संबंध बनाना, सहानुभूति रखना और संचार करना। COVID के बाद सामाजिक संबंध बनाने में भारतीय असहज हो गए हैं। भारत का MHQ स्कोर 58.8 था। तंजानिया का मानसिक स्वास्थ्य अच्छा था और 93.6 के MHQ के साथ सूची में सबसे ऊपर था। पनामा, प्यूर्टो रिको, डोमिनिकन गणराज्य क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर थे। अमेरिका का स्कोर 67.9, ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 54.4, जर्मनी का 65.9, फ्रांस का 74.1, यूके का स्कोर 46.2 था। वैश्विक औसत MHQ 64 था। इस रिपोर्ट में चीन के बारे में कोई विवरण शामिल नहीं था।
प्रमुख गैर-संचारी रोगों को रोकने और नियंत्रित करने के लिए भारत सरकार ने 2010 में कैंसर, मधुमेह, हृदय रोग और स्ट्रोक की रोकथाम और नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम (National Programme for Prevention and Control of Cancer, Diabetes, Cardiovascular Diseases and Stroke – NPCDCS) शुरू किया था। यह बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, मानव संसाधन विकास, शीघ्र निदान, स्वास्थ्य संवर्धन और अधिक पर केंद्रित है। यह 2025 तक समयपूर्व कैंसर से संबंधित मृत्यु दर को 25% तक कम करना चाहता है। NPCDCS की तर्ज पर मिजोरम में 164 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी कैंसर एंड रिसर्च सेंटर स्थापित किया जा रहा है। जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) और भारत सरकार ने इस परियोजना के कार्यान्वयन के लिए 560 करोड़ रुपये का ऋण प्रदान करने के लिए एक ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस सुविधा में कुशल रोकथाम और उपचार सुनिश्चित करने के लिए कैंसर निदान के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण होंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंटनी अल्बनीज बॉडर-गावस्कर क्रिकेट ट्राफी के चौथे टेस्ट मैच को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में देखा। स्टेडियम में आगमन पर श्री अल्बनीज का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हार्दिक स्वागत किया। दोनों नेताओं ने अपने-अपने कप्तान को टेस्ट कैप सौंपी। दोनों प्रधानमंत्रियों ने फ्रेन्डशिप हॉल आफॅ फेम का उदघाटन किया जिसमें भारत-आस्ट्रेलिया क्रिकेट मुकाबलों का समृद्ध इतिहास दिखाया गया है। भारत और आस्ट्रेलिया इस वर्ष क्रिकेट मैत्री का 75वां वर्ष मना रहे हैं। दोनों नेताओं ने स्टेडियम में उपस्थित दर्शकों का अभिवादन किया। उन्होंने ऐतिहासिक मैच देखा और अपनी-अपनी टीम का उत्साहवर्धन किया। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, बीसीसीआई प्रमुख जय शाह भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
9 मार्च, 2023 को विश्व किडनी दिवस मनाया गया। लोगों को गुर्दे या किडनी बीमारियों के विषय में जागरूकता बढ़ाने के लिए यह दिवस हर साल मार्च के दूसरे गुरुवार को पूरे विश्व में मनाया जाता है। इस दिन अधिकांश लोगों को किडनी के महत्व और इसके संदर्भ में जागरूक किया जाता है। किडनी को आमतौर पर गुर्दा भी कहते हैं लेकिन अब सामान्यत: किडनी शब्द का ही इस्तेमाल किया जाने लगा है। क्रॉनिक किडनी डिजीज ( Chronic kidney disease) को किडनी फेल्योर के रूप में जाना जाता है, यह ऐसी स्थिति होती है जिससे कुछ दिन बाद किडनी धीरे-धीरे काम करना बंद कर देती है। जबकि क्रॉनिक किडनी रोग बढ़ने से शरीर में तरल पदार्थ, इलेक्ट्रोलाइट्स और अपशिष्ट की हानिकारक मात्रा जमा हो जाती है। इसके इलाज के लिए डायलिसिस विकल्प है जिसमें अपशिष्ट और तरल पदार्थ रक्त से फिल्टर किया जाता है। इस दौरान किडनी ट्रांसप्लांट के माध्यम से इस समस्या को दूर किया जाता है। क्रॉनिक किडनी डिजीज का तब तक पता नही चलता है जब तक कि किडनी की कार्यक्षमता गंभीर रूप से खराब न हो जाए। विश्व किडनी दिवस इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ नेफ्रोलॉजी (ISN) और इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ किडनी फाउंडेशन (IFKF) की संयुक्त पहल है। साल 2006 से हर साल किडनी के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए विश्व किडनी दिवस मनाया जाता है।
फिल्म जगत में 'कैलेंडर' के नाम से मशहूर अभिनेता, निर्माता, निर्देशक, कॉमेडियन और पटकथा लेखक सतीश कौशिक का निधन हो गया। सतीश कौशिक का जन्म हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 13 अप्रैल 1956 को हुआ। उन्होंने 1972 में दिल्ली के किरोड़ी मल कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। वहीं उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा और एफटीआईआई से भी पढ़ाई की। उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। कौशिक को जाने भी दो यारों, मिस्टर इंडिया, दीवाना मस्ताना और उड़ता पंजाब जैसी फिल्मों में उनकी भूमिकाओं के लिए जाना जाता है। सतीश कौशिक ने 1990 में राम लखन के लिए और 1997 में साजन चले ससुराल के लिए फिल्मफेयर बेस्ट कॉमेडियन अवार्ड जीता।
मलेशिया के भ्रष्टाचार रोधी आयोग ने पूर्व प्रधानमंत्री मुहिउद्दीन यासीन को भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया है। श्री मुहिउद्दीन को वर्ष 2020-21 के बीच 17 महीने के लिए प्रधानमंत्री बनाया गया था। नवम्बर में अनवर इब्राहिम के प्रधानमंत्री बनने के बाद श्री यासीन पर भ्रष्टाचार और धनशोधन के मामले दर्ज किये गये। लेकिन मुहिउद्दीन ने इन सभी आरोपों का खंडन करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया। श्री मुहिउद्दीन मलेशिया में सत्ताधारी गठबंधन में विपक्षी पार्टी बरसातु के अध्यक्ष हैं। इससे पहले एक अन्य पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रज्जाक भी भ्रष्टाचार के मामले में 12 वर्ष की जेल की सजा काट रहे हैं।
© 2023 RajasthanGyan All Rights Reserved.