Ask Question | login | Register
Notes
Question
Quiz
Tricks
Test Series

Rajasthan Current Affairs December 2023

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्यपाल को त्यागपत्र सौंपा

राजस्थान में विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने और कॉन्ग्रेस की हार के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजभवन पहुँचकर राज्यपाल कलराज मिश्र को मुख्यमंत्री पद से अपना त्यागपत्र सौंपा। राज्यपाल मिश्र ने तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का त्यागपत्र स्वीकार करते हुए, उनसे राज्य में नई सरकार के गठन होने तक कार्य करते रहने का आग्रह किया। विदित हो कि राजस्थान विधानसभा चुनाव-2023 में भारतीय जनता पार्टी ने 199 सीटों में से 115 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कॉन्ग्रेस को 69, जबकि अन्य पार्टियों और निर्दलियों को कुल 15 सीटें मिलीं। अशोक गहलोत 7वीं लोकसभा (1980-84) के लिये वर्ष 1980 में पहली बार जोधपुर संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित हुए। उन्होंने जोधपुर संसदीय क्षेत्र का 8वीं लोकसभा (1984-1989), 10वीं लोकसभा (1991-96), 11वीं लोकसभा (1996-98) तथा 12वीं लोकसभा (1998-1999) में प्रतिनिधित्व किया। 1998 में वे राजस्थान के मुख्यमंत्री बने। सरदारपुरा (जोधपुर) विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित होने के बाद गहलोत फरवरी, 1999 में 11वीं राजस्थान विधानसभा के सदस्य बने। गहलोत इसी विधानसभा क्षेत्र से 12वीं और 13वीं राजस्थान विधानसभा के लिये पुन: निर्वाचित हुए। वे 14 और 15वीं राजस्थान विधानसभा में भी निर्वाचित हुए व मुख्यमंत्री बने। उन्होंने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तथा पी.वी. नरसिम्हा राव के मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया। वे तीन बार केंद्रीय मंत्री बने। जब इंदिरा गांधी भारत की प्रधानमंत्री थीं, तब अशोक गहलोत 2 सितंबर, 1982 से 7 फरवरी, 1984 की अवधि में इंदिरा गांधी के मंत्रिमंडल में पर्यटन और नागरिक उड्डयन उपमंत्री रहे। इसके बाद गहलोत खेल उपमंत्री बने। 31 दिसंबर, 1984 से 26 सितंबर, 1985 की अवधि में गहलोत ने केंद्रीय पर्यटन और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात् उन्हें केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री बनाया गया। गहलोत इस मंत्रालय के 21 जून, 1991 से 18 जनवरी, 1993 तक मंत्री रहे।

रोगियों को सुरक्षित एवं सुगम रक्त आपूर्ति के लिये बनेगा एक्शन प्लान

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह ने कहा कि प्रदेश में रोगियों को रक्त एवं रक्त अवयवों (प्लाज़मा, प्लेटलेट्स, पैक्ड रेड ब्लड सेल्स, क्रायोप्रोसिपिटेट) की सुगम एवं सुरक्षित उपलब्धता के लिये एक्शन प्लान बनाया जाएगा एवं दो उप-समितियाँ (रेगुलेटरी एवं टेक्नीकल) गठित की जाएंगी। शुभ्रा सिंह ने शासन सचिवालय में राज्य ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विसेज एवं राज्य ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए इस संबंध में निर्देश दिए। ये कमेटियाँ प्रदेशभर में ब्लड बैंकों का भारत सरकार की गाइडलाइन अनुसार सुचारू संचालन सुनिश्चित करेंगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में रोगियों को सुगमतापूवर्क एवं सुरक्षित रूप से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो, इसके लिये जल्द एक्शन प्लान बनाया जाए। ई-रक्त कोष पोर्टल के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल एवं 181 हैल्पलाइन के माध्यम से भी इस संबंध में आमजन को जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।

राजस्थान की दिव्यांग सुनीता गुप्ता और प्रशांत अग्रवाल को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में एक भव्य समारोह में राजस्थान की दिव्यांग सुनीता गुप्ता और प्रशांत अग्रवाल को राष्ट्रीय पुरस्कार-2023 से सम्मानित किया। विदित हो कि अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिये विभिन्न क्षेत्रों में अनुकरणीय योगदान के लिये देशभर से 21 व्यक्तियों और 9 संस्थानों को राष्ट्रीय पुरस्कार-2023 प्रदान किया। दौसा की 70% गतिविषयक दिव्यांगजन सुनीता गुप्ता को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये ‘सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन’ की श्रेणी में व्यक्तिगत उत्कृष्टता के लिये राष्ट्रीय पुरस्कार-2023 से सम्मानित किया गया है। दिव्यांग सुनीता गुप्ता ग्रामीण क्षेत्र से होने के बावजूद, उन्होंने सरकार से 50 हज़ार रुपए का ऋण लेकर कृत्रिम आभूषण का व्यवसाय शुरू किया। वे वर्षा जल संचयन मिशन और स्वीप टीम मतदाता जागरूकता से भी संबद्ध हैं। उन्होंने विक्की डोनर फिल्म में भी काम किया है। नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर के अध्यक्ष 51 वर्षीय प्रशांत अग्रवाल द्वारा किये जा रहे सराहनीय कार्य के लिये उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति-दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिये कार्यरत’ श्रेणी में व्यक्तिगत उत्कृष्टता के लिये राष्ट्रीय पुरस्कार-2023 से सम्मानित किया गया है।

जोधपुर के डॉ. गजेसिंह राजपुरोहित की राजस्थानी काव्य कृति 'पळकती प्रीत' को साहित्य अकादमी का सर्वाेच्च पुरस्कार

राजस्थानी भाषा के प्रतिष्ठित कवि-आलोचक डॉ. गजेसिंह राजपुरोहित को उनकी राजस्थानी काव्य कृति ‘ पळकती प्रीत ’ को केन्द्रीय साहित्य एकेडमी का सर्वाेच्च अवॉर्ड 2023 घोषित हुआ है। साहित्य एकेडमी द्वारा प्रति वर्ष 24 भारतीय भाषाओं में सर्वश्रेष्ठ रचनाओं का चयन कर उनको पुरस्कृत किया जाता है. जिसमें वर्ष 2023 के लिए राजस्थानी भाषा-साहित्य की काव्य कृति 'पळकती प्रीत' का चयन किया गया है।

राजस्थान गृह रक्षा विभाग के 2 अधिकारियों, 5 कार्मिकों तथा एक स्वयं सेवक को ‘महानिदेशक प्रशस्ति-पत्र एवं डिस्क’ से सम्मानित करने की घोषणा

61वें गृह रक्षा स्थापना दिवस-2023 की पूर्व संध्या पर राजस्थान गृह रक्षा विभाग के 2 अधिकारियों, 5 कार्मिकों तथा एक स्वयं सेवक को महानिदेशक गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘महानिदेशक प्रशस्ति-पत्र एवं डिस्क’ से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। विभाग के सीनियर स्टाफ ऑफिसर नवनीत जोशी ने बताया कि राजस्थान गृह रक्षा विभाग के समादेष्टा विकास लांबा, उप-समादेष्टा रवींद्र सिंह, कंपनी कमांडर बलवीर सिंह, रघुनाथ सिंह, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी भंवर विरेंद्र सिंह, प्लाटून कमांडर नारणाराम, वरिष्ठ सहायक मदन मोहन जोशी एवं स्वयं सेवक भगवत सिंह को यह अवार्ड दिया जाएगा। इसी प्रकार महानिदेशक एवं महासमादेष्टा, गृह रक्षा राजस्थान द्वारा विभाग में की गई सराहनीय सेवाओं के लिये समादेष्टा विकास लांबा, उप-समादेष्टा रामजीलाल एवं ललित बिहारी, कंपनी कमांडर गंगा सिंह, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी राम प्रकाश सिंह, प्लाटून कमांडर देशराज एवं शुभकरण शर्मा, स्वयं सेवक दिनेश डामोर, गौतम गहलोत, मोहम्मद अफजल, उम्मेद सिंह एवं स्वर्गीय संतोष कुमार मुद्गल को ‘महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क’ एवं महानिदेशक प्रशस्ति-पत्र दिये जाने की घोषणा की गई है।

राजस्थान के सबसे लंबे हाईलेवल ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता मुकेश मीणा ने बताया कि सवाई माधोपुर-इटावा मार्ग पर झरेर के बालाजी केतुदा गाँव के पास चंबल नदी पर राजस्थान के सबसे लंबे हाईलेवल ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। यह हाईलेवल ब्रिज 165 करोड़ रुपए की लागत से करीब 2 साल में बनकर तैयार हो जाएगा। इसकी लंबाई 1880 मीटर होगी। इसका निर्माण होने से राजस्थान सहित मध्य प्रदेश के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा खातोली, इटावा, बारां ज़िले से सवाई माधोपुर का सीधा जुड़ाव हो जाएगा। वर्तमान में चंबल नदी पर बना गैंता माखीदा का ब्रिज प्रदेश में सबसे लंबा ब्रिज है। इसकी लंबाई करीब 1562 मीटर है। यह भी पूर्व में इटावा क्षेत्र में बना था। यह ब्रिज कोटा ज़िले के साथ ही भरतपुर संभाग के सवाई माधोपुर को भी जोड़ेगा।

रावत एजुकेशनल ग्रुप के निदेशक नरेंद्र सिंह रावत ‘डायरेक्टर ऑफ द ईयर-2023’ अवॉर्ड से सम्मानित

होटल क्लार्क आमेर में आयोजित सम्मान समारोह में यूनिवर्सल मेंटर्स एसोसिएशन के द्वारा रावत एजुकेशनल ग्रुप के निदेशक नरेंद्र सिंह रावत को ‘डायरेक्टर ऑफ द ईयर-2023’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अमेरिका से आई इंडसेज इंटरनेशनल की फाउंडर एलिजाबेथ टेलर ने सभी शिक्षाविदों को अवॉर्ड से सम्मानित किया। इसमें शिक्षा जगत के विभिन्न दिग्गजों को सम्मानित किया गया। नरेंद्र रावत इससे पूर्व भी शिक्षा के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिये कई अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके हैं, जिनमें मॉरीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज की ओर से एजुकेशनल एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड प्रमुख है।

बीकानेर में अंतर्राष्ट्रीय ऊँट महोत्सव का आगाज 11 जनवरी से

बीकानेर के कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में बताया कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये बीकानेर में अंतर्राष्ट्रीय ऊँट महोत्सव 11 से 14 जनवरी तक होगा। ज़िला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि इस बार ‘आइकंस ऑफ बीकानेर’ की थीम पर ऊँट उत्सव आयोजित होगा। इसमें स्थानीय कला, संगीत और संस्कृति में विशेष उपलब्धियाँ हासिल करने वाले कलाकारों को उत्सव के माध्यम से एक वैश्विक मंच उपलब्ध करवाया जाएगा। ऊँट उत्सव में 11 जनवरी को क्लासिकल फॉर्म्स ऑफ आर्ट्स के संबंध में विशेष आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शास्त्रीय संगीत व शास्त्रीय नृत्य से जुड़े कलाकारों द्वारा विशेष प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।

अलवर के गौरव यादव को मिला आईएमए का सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड ‘स्वॉर्ड ऑफ ऑनर

भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून में पासिंग आउट परेड में राजस्थान के अलवर ज़िले के गौरव यादव को आईएमए का सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्डस्वॉर्ड ऑफ ऑनर’ मिला, साथ ही वे गोल्ड मैडल विजेता भी रहे। विदित हो कि भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) से 343 युवा कैडेट्स पास आउट होकर देश सेवा के लिये सेना की मुख्यधारा में जुड़ गए। इसके साथ ही मित्र राष्ट्रों के 29 कैडेट्स भी पास आउट हुए। पासिंग आउट परेड में गौरव यादव को ऑर्डर ऑफ मैरिट में पहला स्थान मिलने पर गोल्ड मैडल मिला। चमोली, उत्तराखंड के सौरव बधानी को ऑर्डर ऑफ मैरिट में दूसरा स्थान मिलने पर सिल्वर मैडल तथा कानपुर, उत्तर प्रदेश के आलोक सिंह को तीसरा स्थान मिलने पर ब्रॉन्ज मैडल मिला। गौरव ने बताया कि उन्होंने पाँच बार एनडीए की परीक्षा दी। चार बार वह असफल रहे, लेकिन पाँचवीं बार एनडीए पास किया। उन्हें पिछले साल अकादमी के 143वें कोर्स में राष्ट्रपति का स्वर्ण पदक (प्रेसीडेंट गोल्ड मेडल) मिला था।

राजस्थान के नए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता भजन लाल शर्मा ने जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। राज्यपाल कलराज मिश्र ने जयपुर के अल्बर्ट हॉल के समक्ष आयोजित समारोह में मुख्‍यमंत्री को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। भाजपा नेता दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने उप-मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली। 56 साल के भजन लाल शर्मा सांगानेर विधानसभा सीट से विधायक हैं और पहली बार विधायक बनकर अब राजस्थान के मुख्यमंत्री हैं। वे भाजपा के प्रदेश महासचिव भी हैं। श्री शर्मा मूल रूप से भरतपुर के रहने वाले हैं। श्रीमती दिया कुमारी जयपुर के विद्याधर नगर से जबकि श्री बैरवा दूदू से विधायक हैं। अजमेर उत्तर से विधायक चुने गये वासुदेव देवनानी विधानसभा अध्यक्ष होंगे। विदित हो कि स्वतंत्रता के बाद से अब तक राजस्थान में 13 मुख्यमंत्री रह चुके हैं। भजन लाल शर्मा 14वें मुख्यमंत्री हैं। राजस्थान में वर्ष 1949 से अब तक 25 बार सरकार का गठन हुआ, जिसमें 20 बार कॉन्ग्रेस, 5 बार भाजपा (अब पाँचवीं बार) और 1 बार जनता पार्टी की सरकार बनी है। अब तक तीन बार प्रदेश में राष्ट्रपति शासन भी लग चुका है।

एसआईटी एवं एंटी गैंगेस्टर टास्क फ़ोर्स का गठन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि राज्य में विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक की रोकथाम एवं त्वरित जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ( तकनीकी सेवाएं ) वी के सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। इसके साथ ही राज्य में संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (Anti Gangster Task Force) का गठन किया गया है। राज्य स्तर पर एक विशेष कार्य दल एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) दिनेश एमएन के नेतृत्व में किया गया है।

प्रोटेम स्पीकर के रूप में कालीचरण सराफ ने ली शपथ

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने राजभवन में आयोजित समारोह में पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ विधायक कालीचरण सराफ को राजस्थान विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलाई। विदित हो कि प्रोटेम स्पीकर नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। पार्टी पहले ही वरिष्ठ विधायक वासुदेव देवनानी को विधानसभा अध्यक्ष नामित कर चुकी है। उल्लेखनीय है कि नवनिर्वाचित विधायकों को विधानसभा की सदस्‍यता की शपथ प्रोटेम स्‍पीकार ही दिलाता है। सदस्‍यों के शपथ के बाद विधानसभा के अध्‍यक्ष और उपाध्‍यक्ष का चुनाव होता है। स्थायी विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) के पदभार ग्रहण करने के साथ ही प्रोटेम स्‍पीकार का कार्य और कार्यकाल स्‍वत: समाप्‍त हो जाता है। प्रो-टेम एक लैटिन वाक्यांश है जिसका अर्थ है ‘कुछ समय के लिये’। प्रोटेम स्पीकर एक अस्थायी स्पीकर होता है जिसे सीमित अवधि के लिये नियुक्त किया जाता है।

लखपति दीदी सम्मेलन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल कलराज मिश्र की उपस्थिति में राजस्थान ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में जैसलमेर के शहीद पूनम सिंह स्टेडियम में ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए इस योजना की शुरूआत की गई है। इस योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी देश की 2 करोड़ माताओं-बहिनों को रोजगारोन्मुखी कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत राजस्थान की 11.24 लाख महिलाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 3 लाख महिलाओं को इस श्रेणी में लाया जा चुका है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 150 करोड़ रुपए के चैक भी वितरीत किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 2 करोड़़ लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। इसे साकार करने के लिए 1,000 करोड़ रूपए के निवेश के साथ महिला सशक्तिकरण एसएचजी मिशन शुरू किया जाएगा। इसमें 2 लाख नई महिला सदस्यों को एसएचजी से जोड़ने का लक्ष्य है और उन्हें सरल ऋण सुविधाएं व मार्केट लिंकेज की सुविधा प्रदान करने की कार्ययोजना बनाई जा रही है।

राजस्थान व्यापार सुगमता संबंधी सुधार सुधारों को सफलतापूर्वक आरम्भ करने वाला देश का छठा राज्य

राजस्थान वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा निर्धारित "व्यापार सुगमता (ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस)" सुधारों को सफलतापूर्वक आरम्भ करने वाला देश का छठा राज्य बन गया है। इस प्रकार, राज्य खुले बाज़ार की उधारियों के जरिए 2,731 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाने का पात्र बन गया है। सूची में राजस्थान पाँच अन्य राज्यों अर्थात् आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना के समकक्ष हो गया है, व्यवसाय करने की सुगमता देश में निवेश अनुकूल वातावरण का एक महत्वपूर्ण संकेतक है। भारत सरकार ने मई 2020 में, उन राज्यों को अतिरिक्त उधार की अनुमतियों की स्वीकृति देने का निर्णय लिया, जिन्होंने व्यवसाय करने में सुगमता को बढ़ावा देने के लिए सुधार आरम्भ किए।

राजस्थान ने युवा इंटर्नशिप योजना समाप्त कर दी

जस्थान सरकार ने 31 दिसंबर 2023 से 'राजीव गांधी युवा मित्र इंटर्नशिप योजना' (RHYMES) को खत्म करने का फैसला किया है। वर्ष 2021-22 में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य युवा स्नातकों को व्यावहारिक कार्य अनुभव प्रदान करना और उन्हें अपने कौशल तथा ज्ञान को विकसित करने में सहायता करना है। इसके तहत प्रशिक्षुओं को विभिन्न सरकारी विभागों और एजेंसियों में रखा गया तथा उन्हें 10,000 रुपए तक का वजीफा दिया गया। इस कार्यक्रम के तहत लगभग 50,000 युवाओं को नामांकित किया गया था। अर्थशास्त्र और सांख्यिकी विभाग के अनुसार, यह योजना राजीव गांधी युवा मित्र (RYM) नामक बौद्धिक एवं स्व-प्रेरित युवाओं का एक समूह विकसित करने हेतु लाई गई थी। इस पहल का उद्देश्य लोगों को शासन के विषय में शिक्षित करना और सरकार में उनका विश्वास पैदा करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि उनकी बुनियादी ज़रूरतें उनके दरवाजे पर पूरी हों।

गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना

हाल ही में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 1 जनवरी से बीपीएल कार्डधारकों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की घोषणा की है। सब्सिडी उन लाभार्थी महिलाओं के खाते में स्थानांतरित की जाएगी, जो प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के अंतर्गत आती हैं और जो गरीबी रेखा से नीचे (BPL) कार्डधारक है। योजना का नाम अब इंदिरा गांधी सिलेंडर सब्सिडी योजना से बदलकर रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना कर दिया गया है। लाभार्थी विकसित भारत संकल्प योजना में अपना पंजीकरण कराकर सस्ते सिलेंडर का लाभ उठा सकते हैं।

राजस्थान के नए मुख्य सचिव बने सुधांश पंत

1991 बैच के आईएएस अधिकारी सुधांश पंत को राजस्थान का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। कार्मिक विभाग ने आदेश जारी करते हुए कहा, 'सुधांश पंत, आईएएस को केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद राजस्थान, जयपुर का मुख्य सचिव नियुक्त किया जाता है। अपनी नई भूमिका के साथ, सुधांश पंत राजस्थान खान और खनिज के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। प्रदेश के नवनियुक्त मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत ने मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के साथ शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पूर्व मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा भी उपस्थित रही।

राजस्‍थान में भजन लाल शर्मा मंत्रिपरिषद का विस्‍तार, 22 नए मंत्री शामिल

राजस्‍थान में भजन लाल शर्मा मंत्रिपरिषद का विस्‍तार किया गया। राज्‍यपाल कलराज मिश्र ने जयपुर के राजभवन में तीसरे पहर आयोजित समारोह में 12 कैबिनेट मंत्रियों, पांच स्‍वतंत्र प्रभार वाले राज्‍य मंत्रियों और अन्‍य पांच राज्‍य मंत्रियों को शपथ दिलाई। सुरेन्‍द्र पाल टी.टी. ने भी स्‍वतंत्र प्रभार वाले राज्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली। वे करनपुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के उम्‍मीदवार गुरमीत सिंह कुन्‍नर की मृत्यु के कारण इस सीट पर चुनाव स्‍थगित कर दिया गया था। मंत्रिपरिषद के इस विस्‍तार के साथ मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों सहित मंत्रिपरिषद की कुल संख्‍या 25 हो गई है।

Start Quiz!

« Previous Next Chapter »

Take a Quiz

Test Your Knowledge on this topics.

Learn More

Question

Find Question on this topic and many others

Learn More

Rajasthan Gk APP

Here You can find Offline rajasthan Gk App.

Download Now

Test Series

Here You can find previous year question paper and mock test for practice.

Test Series

Share

Join

Join a family of Rajasthangyan on


Contact Us Contribute About Write Us Privacy Policy About Copyright

© 2024 RajasthanGyan All Rights Reserved.